बस्तर

फिल्म के नाम पर आपत्ति, फूंका पुतला ब्राह्मण समाज ने दिया ज्ञापन
08-Feb-2026 10:49 PM
फिल्म के नाम पर आपत्ति, फूंका पुतला ब्राह्मण समाज ने दिया ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 फरवरी। शहर के कोतवाली थाना के सामने ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने नेटफ्लिक्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रस्तावित एक फिल्म के नाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों का कहना है कि फिल्म के नाम में ‘घूसखोर पंडित’ शब्द का प्रयोग किया गया है, जिसे वे ब्राह्मण समाज के लिए अपमानजनक मानते हैं।

इस संबंध में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कोतवाली थाने में ज्ञापन सौंपा और फिल्म के निर्माता, निर्देशक तथा कलाकारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर के सामने नारेबाजी भी की और प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन किया।

ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म रिलीज की जा रही है, जिसका नाम ‘घूसखोर पंडित’ रखा गया है। उनके अनुसार इस नाम से ब्राह्मण समाज की छवि को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के नाम को लेकर समाज में आपत्ति है और इसे लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

समाज के सदस्यों का कहना है कि फिल्म निर्माण से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग कोतवाली थाना पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने अपने विरोध के दौरान नारे लगाए और फिल्म के निर्माता-निर्देशक के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।


अन्य पोस्ट