बस्तर
कहा- मरीजों का ओपीडी टिकट होगा 10 रुपये का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 फरवरी। डिमरापाल में स्थित सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का संचालन कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल द्वारा एमओयू के तहत किया जा रहा है। संचालन शुरू होने के बाद से ही इस अस्पताल को लेकर विभिन्न शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां इलाज के नाम पर अधिक शुल्क लिया जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों और समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग के सीएमई रितेश अग्रवाल निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुँचे।
सीएमई ने अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की और मरीजों से जुड़े शुल्क संबंधी विषयों की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि मरीजों के लिए ओपीडी टिकट का शुल्क 10 रुपये निर्धारित किया जाएगा।
ज्ञात हो कि मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के सामने संचालित इस अस्पताल में इलाज के शुल्क को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आई थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि ओपीडी पर्ची और विभिन्न जांचों के लिए अधिक राशि ली जा रही है। इन्हीं शिकायतों की जांच के लिए सीएमई शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुँचे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) पहुँचे, जहां सभी वार्डों का निरीक्षण करने के बाद अधीक्षक कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के बाद सीएमई रितेश अग्रवाल ने बताया कि कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए वे जगदलपुर आए थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा यह जानकारी दी गई है कि आयुष्मान कार्डधारी और राशन कार्डधारी मरीजों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। साथ ही मरीजों के लिए ओपीडी पर्ची का मूल्य 10 रुपये निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए जल्द आदेश जारी किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों से निर्धारित शुल्क का केवल 20 प्रतिशत ही लिया जाएगा। सीएमई के अनुसार इस अस्पताल को संचालित करने का उद्देश्य यह है कि गंभीर बीमारियों के इलाज और ऑपरेशन के लिए मरीजों को बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि अस्पताल को लेकर जो भी शिकायतें सामने आई हैं, उन पर चर्चा की गई है और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्टाफ भर्ती सहित अन्य व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने की बात भी कही गई है।


