बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 फरवरी। जगदलपुर के लामनी पार्क के पास स्थित सरगीपाल लकड़ी डिपो में शनिवार शाम आग लगने की सूचना मिली। आग फैलने से डिपो में रखी लकड़ी की सात लॉट प्रभावित हुईं। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और अग्निशमन दल मौके पर पहुँचे और चार दमकल वाहनों की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
नगर सेना सेनानी संतोष मार्बल ने बताया कि शनिवार दोपहर डिपो से फोन के माध्यम से आग लगने की जानकारी मिली थी। डिपो में मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ और फायर टीम को सूचित किया गया। इसके बाद चार दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए।
अधिकारियों के अनुसार कई घंटों की कार्रवाई के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान लकड़ी की सात लॉट जल गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लगभग सात लाख रुपये का बताया जा रहा है।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर कुछ टूटे हुए तार देखे जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


