बलरामपुर

निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग गिरने पर जांच के आदेश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
15-Apr-2026 9:35 PM
निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग गिरने पर जांच के आदेश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 15 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र अंतर्गत लडुआ नवापारा में निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग गिरने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर ने मामले की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता को निर्देश जारी किए हैं।

जारी पत्र दिनांक 15 अप्रैल 2026 के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में ‘हल्की आंधी में गिरी निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा लोक निर्माण विभाग, राजपुर के उप अभियंता को निर्देशित किया गया है कि घटना की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत किया जाए। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी तो नहीं हुई, जिसके कारण रेलिंग गिरने की घटना हुई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस विद्यालय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।


अन्य पोस्ट