बलरामपुर

लक्ष्य शिक्षण संस्थान में अग्निवीर भर्ती का नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू
12-Apr-2026 10:39 PM
लक्ष्य शिक्षण संस्थान में अग्निवीर भर्ती का नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू

युवाओं को सेना में जाने के लिए किया जा रहा तैयार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,12 अप्रैल। लक्ष्य शिक्षण संस्थान द्वारा अग्निवीर सेना भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण 10 अप्रैल से प्रारंभ कर दिया गया है। इस प्रशिक्षण के अंतर्गत अग्निवीर सेना, जल सेना, वायु सेना एवं थल सेना में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को तैयारी कराई जा रही है।

संस्थान में अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के सभी चरणों के लिए तैयार किया जा रहा है। अग्निवीर भर्ती में सर्वप्रथम लिखित परीक्षा ली जाती है, जिसके बाद अभ्यर्थियों को फिजिकल परीक्षा के लिए बुलाया जाता है। फिजिकल परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मेडिकल परीक्षा होती है और इसके पश्चात अंतिम परिणाम घोषित किया जाता है। इस वर्ष अग्निवीर भर्ती के लिए 10 अप्रैल तक आवेदन लिए गए, जिसमें देश सेवा की भावना रखने वाले बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में संचालित लक्ष्य शिक्षण संस्थान ने पिछले वर्ष 30 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया था, जिनमें से 26 अभ्यर्थियों को सफलता प्राप्त हुई। इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह बढ़ा है। संस्थान द्वारा दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क रहने और भोजन की भी व्यवस्था की गई है।

वर्तमान में अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक तथा शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने क्षेत्र के युवाओं से अपील की है कि जो युवा भारतीय सेना में करियर बनाना चाहते हैं, वे लक्ष्य शिक्षण संस्थान पहुंचकर इस निशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं।

उल्लेखनीय है कि सुदर्शन यादव शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ में अतिथि शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और अब तक लगभग 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को विभिन्न सैन्य सेवाओं के लिए तैयार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 50 छात्र-छात्राओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 40 से अधिक अभ्यर्थियों को भारतीय सेना में भेजने का संकल्प लिया गया है।


अन्य पोस्ट