बलरामपुर
राजपुर, 1 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गागर नदी पुल से लगभग 50 मीटर नीचे स्थित हुक्का दह में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव घटना के करीब 47 घंटे बाद सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार बरियों उरांवपारा निवासी फुलसाय लकड़ा (22), पिता सुरेंद्र लकड़ा, शनिवार को ग्राम डकवा में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने साथियों के साथ गागर नदी में नहाने पहुंचा। बताया जाता है कि करीब 10 युवक नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान फुलसाय नदी के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू की गई। शनिवार और रविवार को लगातार खोज अभियान चलाया गया। नदी के विभिन्न हिस्सों में गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने हुक्का दह क्षेत्र में पानी की सतह पर एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान फुलसाय लकड़ा के रूप में की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं गांव में भी युवक की असमय मौत से मातम का माहौल है।
घटना के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुकेश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी एवं गहरे जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


