बलरामपुर

सोनार समाज का चतुर्थ वार्षिक उत्सव, शोभायात्रा व प्रतिभा सम्मान
11-Apr-2026 8:34 PM
सोनार समाज का चतुर्थ वार्षिक उत्सव, शोभायात्रा व प्रतिभा सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 11 अप्रैल। नवीन सर्व सोनार समाज कल्याण समिति राजपुर के तत्वावधान में चतुर्थ वार्षिक उत्सव एवं शोभायात्रा कार्यक्रम समाज के अध्यक्ष सुरेश सोनी के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हाई स्कूल ग्राउंड महुआपारा के पास स्थित सोनार समाज भवन से शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए हरीतिमा परिसर पहुंची, जहां सभा आयोजित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

शोभायात्रा के दौरान पानी टंकी, बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर समाज के सदस्यों द्वारा स्वागत एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। वहीं ब्राह्मण समाज द्वारा पेट्रोल पंप के पास पानी एवं मिठाई का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना से की गई, जिसके पश्चात 11 दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समिति के चार वर्ष पूर्ण होने पर केक काटकर उत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर नवजात शिशुओं का स्वागत नोटों की माला पहनाकर किया गया। साथ ही 6 वैवाहिक जोड़ों एवं 10 बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रतिभा सम्मान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को मंच से सम्मानित किया गया। इसमें परमेश्वर सोनी के पुत्र सोहम सोनी के जूनियर टीम से गोवा खेलने चयनित होने पर अभिनंदन किया गया। इसके अलावा डॉ. आशीष सोनी, डॉ. अंकित सोनी, डॉ. साक्षी सोनी, इंजीनियर बने सुरेश सोनी, राजेश सोनी के पुत्र आकाश सोनी तथा डॉ. अभिषेक सोनी को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। सेंट जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य सेबास्तियन तिग्गा एवं राजीव गांधी स्कूल के प्राचार्य जितेंद्र गुप्ता को समाज के गरीब बच्चों की फीस माफ करने के लिए सम्मानित किया गया।

 इस दौरान जितेंद्र गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे पिछले 26 वर्षों से राजपुर में शिक्षा सेवा से जुड़े हुए हैं।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज की एकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों एवं संभाग के पदाधिकारी तथा समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने पुलिस बल के साथ यातायात व्यवस्था संभाली।

अंत में समाज के अध्यक्ष सुरेश सोनी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन युवा जिला अध्यक्ष अरुण सोनी ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट