बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 11 अप्रैल। जल संरक्षण के साथ खेती-किसानी में सुधार के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखनिया के पीपरदहा नाला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लगभग 19.87 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डेम किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।
बलरामपुर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के निर्देश तथा ग्रामीणों के सहयोग से बनाए गए इस चेक डेम से आसपास के लगभग 40 से 50 किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे खेती-किसानी में काफी सहूलियत मिल रही है। यह चेक डेम जल संरक्षण और जल संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चेक डेम में संचित पानी का उपयोग किसान गर्मी के मौसम में भी फसलों की सिंचाई के लिए कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण इस पानी का उपयोग पशुओं को पिलाने एवं अन्य दैनिक जरूरतों के लिए भी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि पानी की उपलब्धता बढऩे से अब वे अतिरिक्त फसल लेने की तैयारी कर रहे हैं और खेती का रकबा भी बढ़ा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में चेक डेम के अभाव में उन्हें लंबे समय तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था, जिससे खेती प्रभावित होती थी। इस वर्ष चेक डेम के निर्माण से खेती की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है और गर्मी के मौसम में भी सिंचाई संभव हो पा रही है।


