बलरामपुर

रेजांगला के वीर शहीदों की स्मृति में 12 को श्रद्धांजलि सभा
10-Apr-2026 8:58 PM
रेजांगला के वीर शहीदों की स्मृति में 12 को श्रद्धांजलि सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 10 अप्रैल। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला पोस्ट की रक्षा करते हुए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले कुमाऊं रेजिमेंट के 114 वीर अहीर सैनिकों की शहादत को नमन करने के लिए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा द्वारा 12 अप्रैल को श्रद्धांजलि एवं सम्मान सभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वाड्रफनगर स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में आयोजित होगा।

बताया गया कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला पोस्ट पर तैनात वीर अहीर सैनिकों ने अद्वितीय पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में चीनी सैनिकों का मुकाबला किया था और अंत तक मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उनकी वीरता और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रेजांगला कलश यात्रा के प्रदेश सह-संयोजक राजेश कुमार यादव ने समाज के नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महासभा के पदाधिकारियों की एक बैठक वाड्रफनगर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश महासचिव हरिहर यादव, जिलाध्यक्ष व्यासमुनि यादव सहित चंद्रशेखर उर्फ बाबर यादव, अश्वनी यादव, अमित यादव, डीपी यादव, अजय यादव, उपेंद्र यादव, आशीष यादव, अतुल यादव, मनेंद्र यादव और आंचल यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट