बलरामपुर

बाइकें भिड़ीं, प्रधान पाठक की मौत, 3 युवक जख्मी
06-Apr-2026 9:02 PM
बाइकें भिड़ीं, प्रधान पाठक की मौत, 3 युवक जख्मी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 6 अप्रैल। बलरामपुर जिला में क्षेत्र के ग्राम चिनिया में सोमवार दोपहर सडक़ हादसे में प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर से हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे सलवाही नवापारा में पदस्थ प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम अपने साथी अनिल मरकाम के साथ बैंक कार्य से रामानुजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से संतोषी नगर पिपराही के दो युवक बाइक से आ रहे थे। मोड़ के पास दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी अनिल मरकाम घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार विक्रम (18 वर्ष) और सूरज मंडल (18 वर्ष), पिता मृत्युंजय मंडल, निवासी संतोषी नगर पिपराही, भी घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लाया गया, जहां डॉ. सकेंद्र गुप्ता द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक बलरामपुर स्थित महिंद्रा शोरूम में कार्यरत हैं।


अन्य पोस्ट