बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 5 अप्रैल। नगर के वार्ड क्रमांक 7 निवासी, पूर्व शिक्षक एवं सेवानिवृत्त जनपद सीईओ विनोद जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी के शिक्षा प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी है।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद जायसवाल ने कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा, मैं भाजपा के जिला एवं प्रदेश संगठन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। शिक्षा के क्षेत्र में संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार, युवाओं को जागरूक करना और संगठन की विचारधारा को मजबूत करना रहेगा।
विनोद जायसवाल ने क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा, मैं माननीय मंत्री रामविचार नेताम जी का विशेष रूप से आभारी हूं, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन से मुझे यह दायित्व मिला है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि विनोद जायसवाल के नेतृत्व में शिक्षा प्रकोष्ठ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और जिले में शिक्षा संबंधी गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।


