बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 5 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में वर्ष 2026 का दो दिवसीय मंडल स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण महाअभियान जिले के सभी मंडलों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में तथा जिला संयोजक भानुप्रकाश दीक्षित के संचालन में किया गया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के 13 मंडलों—चांदो, कुसमी, शंकरगढ़, राजपुर, बरियों, बलरामपुर, रामानुजगंज, महावीरगंज, सनावल, डवरा, वाड्रफनगर, वाड्रफनगर पूर्वी और रघुनाथनगर—में शिविर आयोजित किए गए।
दो दिवसीय शिविर में सात सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास, कार्य विस्तार, कार्य पद्धति, सोशल मीडिया एवं ऐप्स, सरकार की उपलब्धियां और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन दिया। अंतिम दिन सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा की सादगीपूर्ण सहभागिता ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और संगठनात्मक दिशा मिली।


