बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 7 मार्च। कुसमी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विनोद सोनी, निवासी कन्हैया जी रोड कुसमी ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि होली पर्व के कारण 4 मार्च को उनकी ज्वेलरी दुकान बंद थी। 5 मार्च की सुबह दुकान खोलने पर देखा कि अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोडक़र अंदर घुस गया था और दुकान में रखे चांदी सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए गए थे।
चोरी गए सामान में चांदी की पायल, ब्रेसलेट, चांदी की चैन, चांदी का कड़ा, गिल्ट की हसुली, गिल्ट की चैन सहित अन्य सामान शामिल था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुसमी में धारा 305(ए) एवं 331(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्राम बकसपुर निवासी गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कांसा की थाली 5 नग, कांसा प्लेट 5 नग, कांसा कटोरा 1 नग, हसली 1 नग, चांदी का ब्रेसलेट 1 नग, चांदी की चैन 1 नग, चांदी की पायल 2 जोड़ी तथा गिल्ट के कान के टॉप्स 5 जोड़ी बरामद किए हैं। कुसमी पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।


