बलरामपुर
शिक्षिका बाल-बाल बचीं, चालक फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 6 मार्च। राजपुर-सेमरा बकसपुर मार्ग पर गुरुवार दोपहर हुए सडक़ हादसे में दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पीछे स्कूटी से आ रही एक शिक्षिका बाल-बाल बच गई। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पतरातू में कार्यरत शिक्षक सतीश यादव और मुकेश गुप्ता गुरुवार को करीब तीन बजे मोटरसाइकिल से स्कूल से राजपुर की ओर सेमरा-बकसपुर मार्ग से आ रहे थे। जैसे ही वे बकसपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों शिक्षक बाइक से उछलकर सडक़ किनारे जा गिरे। हादसे में सतीश यादव का दाहिना पैर बुरी तरह टूट गया, जबकि मुकेश कुमार गुप्ता के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनके पीछे स्कूटी से आ रही शिक्षिका अंजली तिवारी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


