बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 6 मार्च। होली पर्व के पावन अवसर पर नगर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार को रंग, उमंग और भाईचारे के माहौल के बीच नगर की समाजसेवी संस्था सागर मोती फाउंडेशन द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस होली मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ साथ निकटवर्ती ग्रामीण अंचल के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर होली के पर्व का आनंद उठाया। समूचे गांधी मैदान में फाग गीतों की मधुर गूंज और अबीर-गुलाल की खुशबू से उत्सव का खुशनुमा माहौल बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक फाग गीतों से हुई। क्षेत्रीय प्रज्ञा संगीत मंडली के कलाकारों के साथ-साथ वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष जायसवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल सहित अन्य लोगों के द्वारा एक से बढक़र एक फाग गीत प्रस्तुत किए, जिनकी धुन पर लोग देर तक झूमते रहे। ढोलक, मंजीरे और हारमोनियम की ताल पर गाए गए गीतों ने पूरे गांधी मैदान को रंग और संगीत से सराबोर कर दिया।
होली के अवसर पर आयोजित स्नेह मिलन समारोह में थाना प्रभारी नगर निरीक्षक अजय साहू ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर जनमानस को होली की शुभकामनाएं वही विशेष रूप से उपस्थित गायत्री परिवार के एस पी निगम, टी आर शर्मा कांग्रेस कमेटी के अजय गुप्ता भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के अरुण केसरी वरिष्ठ अधिवक्ता विमलेश सिन्हा, गोपाल गुप्ता, मोहन गुप्ता, रामेश्वर गुप्ता, विनय पांडे, रमेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, बब्बन सिंह, अजय गुप्ता तूती, संतोष गुप्ता, उमाशंकर व्यास, पार्षद सुरेश पुरी, सुमित गुप्ता, विजय रावत, अर्जुन दास, अजीत गुप्ता, ओम ठाकुर, विरेन्द्र सिंह, किशोरी ठाकुर, अरविंद दुबे, नरेश ठाकुर, बिहारी गुप्ता, प्रमोद कश्यप, अंकित गुप्ता, अनुप कश्यप, अमित गुप्ता, पीयूष गुप्ता, आशीष गुप्ता, निशांत गुप्ता, पंकज गुप्ता, अर्पित तिवारी सहित सैकड़ों लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ देते नजर आए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगरवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से मिलजुलकर त्योहार मनाने और खुशियों के रंग एक-दूसरे के साथ साझा करने की अपील की।
समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। फाग गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच लोगों ने रंग और उमंग के साथ इस पर्व का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयाँ दीं और मिठाइयों का वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
सागर मोती फाउंडेशन द्वारा गांधी मैदान में आयोजित सार्वजनिक होली मिलन समारोह का इंतजार सबसे ज्यादा शहर के बुजुर्ग व्यक्तियों को रहता है उनको एक ऐसा मंच मिल जाता है जहां वह एक दूसरे से मिलकर बधाई देते हुए रंगो का त्योहार मनाते हैं ।
वहीं युवाओं और बच्चों को भी बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने का एक स्थाई ठिकाना मिल जाता है। शहर के वरिष्ठ नागरिक जहां एक दूसरे को बधाई देने के लिए आते हैं वहीं युवा और बच्चे वरिष्टों का आशीर्वाद लेने के लिए गांधी मैदान पहुंच होली के त्यौहार में शामिल होते हैं।


