बलरामपुर

विज्ञान प्रदर्शनी-पीटीएम
28-Feb-2026 10:21 PM
 विज्ञान प्रदर्शनी-पीटीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 28 फरवरी। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी एवं पालक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विविध सिद्धांतों एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्मार्ट सिटी तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से संबंधित मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विशेष रूप से कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने भी नवाचारपूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने जीएसटी, ई-कॉमर्स, ऑनलाइन व्यवसाय एवं बैंकिंग प्रणाली पर आधारित मॉडल तैयार कर आधुनिक व्यापार व्यवस्था को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। विद्यार्थियों की स्पष्ट एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति की अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनुप तिवारी, विधायक प्रतिनिधि मोहन गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि प्रियंका केशरी, समिति सदस्य मनोज तिवारी एवं मोहम्मद अकबर उपस्थित रहे। साथ ही शासकीय लरंगसाय महाविद्यालय रामानुजगंज के सहायक प्राध्यापक श्याम बिहारी यादव विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं।

पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षकों से संवाद कर आवश्यक सुझाव लिए। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु उपयोगी बताया।

विद्यालय के प्राचार्य हरिओम कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना एवं उन्हें व्यवहारिक शिक्षा से जोडऩा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

मंच संचालन निकिता दास एवं निष्ठा दीक्षित ने किया। निर्णायक मंडल में नयन केसरी, अर्चना मिश्रा एवं निकिता दास ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

अंत में अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


अन्य पोस्ट