बलरामपुर
13 मवेशी, दो पिकअप और एक कार जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 26 फरवरी। जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चलगली पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित पशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 मवेशी, दो पिकअप वाहन और एक कार जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे) के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को पशु तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी कड़ी में 24-25 फरवरी की दरम्यानी रात थाना चलगली पुलिस रात्रि गश्त पर थी।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम केनापारा भगवानपुर में घेराबंदी कर पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 सीटी 4888 तथा एक अन्य सोल्ड पिकअप वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहनों में 13 मवेशियों को बूचडख़ाने ले जाते पाया गया। कार्रवाई के दौरान मार्ग की रेकी कर रहे क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एलडी 3949 में सवार दो आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ऐनुलाह अंसारी झारखंड तथा सूर्यजीत पटेल सूरजपुर (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11(1)(घ) तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 10/2026 पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी चलगली ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


