बलरामपुर

ट्रेलर की टक्कर से दो वन कर्मी घायल, चालक फरार
24-Feb-2026 10:03 PM
ट्रेलर की टक्कर से दो वन कर्मी घायल, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 24 फरवरी। बलरामपुर जिले के ग्राम कोदो डिपा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवार वन विभाग के दो कर्मचारियों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कर्मचारियों के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जबकि मोटरसाइकिल का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत बासेन में पदस्थ दरोगा शांति प्रकाश लकड़ा एवं सिपाही विक्रम बखला मोटरसाइकिल से किसी कार्य से बासेन से पास्ता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोदो डिपा पुल के पास पीछे से आ रही ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहन से राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट