बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 23 फरवरी। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं लोगों को उड़ती धूल से भी राहत मिली। वहीं जिला के वाड्राफनगर में तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब शाम 4.30 बजे अचानक आसमान में बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। जिले के कई क्षेत्रों में दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए और झमाझम बारिश हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर उड़ती धूल बारिश के कारण थम गई, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को राहत मिली।
हालांकि तेज आंधी और बारिश से कुछ स्थानों पर नुकसान भी हुआ है। ग्राम झींगो में तेज धूल भरी आंधी के कारण घरों पर लगाए गए टीन व शीट क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं से बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचा है। आंधी इतनी तेज थी कि भारी लोहे की मशीनरी और अन्य सामान भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कई पेड़ भी उखड़ गए।
बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं सडक़ों पर कीचड़ और जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


