बलरामपुर

रामानुजगंज जिला जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत
21-Feb-2026 9:36 PM
रामानुजगंज जिला जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत

रामानुजगंज, 21 फरवरी। रामानुजगंज जिला जेल में हत्या के आरोप में बंद 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया  के रूप में हुई है। वह पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सीतारामपुर पाट में 15 नवंबर 2023 को हुए हत्या प्रकरण में आरोपी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम विष्णु कुमरिया ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया गया। शाम 6 से रात 9 बजे तक उपचार के बाद उसे पुन: जिला जेल लाया गया।

शनिवार सुबह लगभग 9.45 बजे उसकी तबीयत फिर से बिगडऩे की सूचना जेल प्रशासन को मिली। इसके बाद उसे तत्काल पुन: 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 10.30 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 10.30 बजे मौत की पुष्टि की गई।

जिला जेल के जेलर वाल्मीकि ध्रुव ने बताया कि शनिवार को भी कैदी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत थी, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह तबीयत बिगडऩे की सूचना मिलते ही तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों एवं उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। शनिवार शाम को समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे और न ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी थी। मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।


अन्य पोस्ट