बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 20 फरवरी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बलरामपुर नयनतारा सिंह तोमर द्वारा राजपुर स्थित पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षिका अनुपस्थित पाई गई। गार्ड द्वारा पूछे जाने पर अधीक्षिका के अंबिकापुर जाने की जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान रसोई कक्ष का भी निरीक्षण किया गया, जहां आलू, पत्ता गोभी की सब्जी, मसूर दाल एवं चावल बनते हुए पाए गए। हालांकि उपस्थित छात्राओं की संख्या के अनुपात में भोजन सामग्री की मात्रा कम पाई गई। इस संबंध में रसोइयों द्वारा बताया गया कि अधीक्षिका द्वारा उतनी ही सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में छात्राओं की उपस्थिति के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में भोजन तैयार किया जाए।
इसके पश्चात उन्होंने छात्राओं से अध्ययन-अध्यापन एवं व्यक्तिगत समस्याओं के संबंध में चर्चा कर जानकारी ली।
इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से अवगत हुईं। विद्यालय परिसर में साप्ताहिक मेन्यू प्रदर्शित नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल मेन्यू बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बच्चों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अपने बीच पाकर उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखा गया। इस अवसर पर राजपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे भी उपस्थित रहे।


