बलरामपुर

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़े भक्त, कई आयोजन
15-Feb-2026 10:26 PM
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़े भक्त, कई आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर राजपुर क्षेत्र के ओकरा कोठीपत्थल स्थित ओंकारेश्वर मंदिर, परसापानी, शिवपुर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शिवभक्त सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करते नजर आए।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ओकरा के कोठीपत्थल स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। यहां विशाल पीपल वृक्ष के नीचे स्थापित शिव मंदिर में एक-एक कर दर्जनों शिवलिंग प्रकट हुए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान अखंड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन एवं मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन संपन्न कराया गया।

महोत्सव कार्यक्रम के तहत 14 फरवरी को कलश यात्रा एवं अखंड कीर्तन, जबकि 15 फरवरी को रुद्राभिषेक, संपूर्ण रामचरितमानस पाठ, अखंड भंडारा एवं हवन-पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

इसके अलावा राजपुर मां महामाया मंदिर प्रांगण स्थित शिव मंदिर, सेवारी शिव मंदिर, सरनापारा पावर हाउस स्थित शिव मंदिर, गेउर नदी तट स्थित शिव मंदिर, हरीतिमा, शिवपुर, परसापानी तथा कर्रा-पतरातू के शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

ओंकारेश्वर मंदिर सेवा समिति के संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष कपिल देव कौशिक, कोषाध्यक्ष दसरू दास, मुख्य जजमान मनोज बंसल सहित सुरेंद्र सांडिल्य, राधेश्याम अग्रवाल, रामप्रसाद, शिवलाल मरावी, हरिचंद, मुकेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, विजय गुप्ता, राहुल, भोला, दुर्योधन मरावी, लक्ष्मण टेकाम, अर्जुन, संजय गोयल सहित समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागी रहे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से शिवालय गूंजते रहे।


अन्य पोस्ट