बलरामपुर
जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा-कृषि मंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 13 फरवरी। नगर के वार्ड क्रमांक 1 में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा स्थल पर बने अटल परिसर का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि रामानुजगंज में स्थापित यह अटल बिहारी वाजपेयी की भारतवर्ष की पहली प्रतिमा मानी जाती है, जो नगर के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीला जायसवाल एवं नगर पालिका परिषद के सभी 15 पार्षद विशेष रूप से मौजूद रहे।
लोकार्पण अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि रामानुजगंज एक ऐतिहासिक नगर है और यहां किए जा रहे कार्य अपने आप में मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि मंत्री रामविचार नेताम के सहयोग से रामानुजगंज को नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला, जो विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह तो विकास कार्यों की शुरुआत है और आने वाले समय में जनभावनाओं के अनुरूप नगर में और अधिक विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
समारोह के दौरान रामानुजगंज पहुंचे अतिथियों का फूल-मालाओं एवं आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। नगर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन भी संपन्न कराया गया।
जमीन दानदाता का सम्मान
अटल परिसर निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले पार्षद विजय रावत का कृषि मंत्री रामविचार नेताम एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने फूल-माला पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि विजय रावत द्वारा भूमि दान नहीं किया जाता तो अटल परिसर का निर्माण संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इसे समाजहित में किया गया सराहनीय कार्य बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


