बलरामपुर
संसाधनों की कमी से बुझाने में हुई मशक्कत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,14 अप्रैल। गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को राजपुर नगर से सटे सागौन के जंगल में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास का क्षेत्र धुएं से भर गया और दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र राजपुर के कक्ष क्रमांक 2758 स्थित सागौन जंगल में दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और काफी बड़े क्षेत्र में फैल गई, जिससे जंगल के छोटे पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचा। आग की तेज लपटों के कारण कई छोटे पौधे झुलस गए।
जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी अशोक शुक्ला, बीट प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण वन कर्मियों को डंडों और पेड़ों की टहनियों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास करना पड़ा।
करीब तीन घंटे बाद आग बुझाने वाली मशीन ब्लोवर मौके पर पहुंचाई गई, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, राजपुर वन परिक्षेत्र में आग बुझाने के लिए केवल दो ब्लोवर ही उपलब्ध हैं, जिससे ऐसी घटनाओं में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मौके पर मौजूद सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी अशोक शुक्ला ने बताया कि जंगल में कंटीले तार की फेंसिंग होने के बावजूद शरारती तत्व अंदर घुसकर मौज-मस्ती करते हैं और कई बार उन्हीं के कारण आगजनी की घटनाएं होती हैं।


