बलरामपुर

परशुराम जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारी
15-Apr-2026 9:34 PM
परशुराम जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 15 अप्रैल। नगर के प्राचीन शिव मंदिर में राष्ट्रीय परशुराम सेना युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती को भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया।

बताया गया कि संगठन द्वारा हर वर्ष भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई जाती है और इस वर्ष भी इसे और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी ब्राह्मण समाज के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल को सुबह 8 बजे शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन किया जाएगा, जिसके बाद वरिष्ठ विप्रजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 9 बजे से भव्य बाइक रैली एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: शिव मंदिर पहुंचकर सम्पन्न होगी।

कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वरिष्ठजनों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें विपिन पाठक, सुनील तिवारी एवं मनोज दुबे प्रमुख रूप से शामिल हैं।

बैठक में दीपक दुबे, ऋषि द्विवेदी, मधुसूदन चौबे, प्रदीप चौबे, दिनेश चौबे, जय चौबे, जीतू चौबे, यशपाल दुबे, रितेश पांडे, रमेश मिश्रा, अशोक चौबे, मनोज तिवारी, विनय पांडे, दामोदर मिश्रा, दिवाकर द्विवेदी, उज्जवल तिवारी, अनिल तिवारी, लवकेश पांडेय, वेद प्रकाश तिवारी, विष्णु पांडे, आकाश तिवारी, आशीष चौबे, आनंद मिश्रा, विकास मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट