बलरामपुर

जादू-टोना के संदेह पर वृद्धा की हत्या, दंपत्ति गिरफ्तार
03-Sep-2024 8:49 PM
जादू-टोना के संदेह पर वृद्धा की हत्या, दंपत्ति गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 3 सितंबर। बलरामपुर जिला के थाना चांदो में जादू-टोना के संदेह पर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर साक्ष्य छुपाने वाले आरोपी पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के 2 माह बाद ग्राम इदरिकला के पहाड़ी जंगल में मृतका के शरीर की कुछ हड्डियां मिली थी। थाना चांदो में सूचना प्राप्त होने पर संभावित मृतिका के पुत्र की रिपार्ट पर मर्ग कायम कर जांच की गई। मर्ग जांच पर डीएनए जांच से हुई मृतिका सुखनी देवी की पहचान हो पाई थी।

पुलिस के मुताबिक़  जनवरी 2024 में थाना चांदो में प्रार्थी रामलाल ग्राम सरुवत झारखंड ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके गांव के सीमावर्ती छतीसगढ़ सीमा में ग्राम इदरिकला के पहाड़ी में मानव हड्डियां मिली है, जो करीब 2 माह पहले लापता हुई उसकी माँ की हो सकती है।

 सूचना पर थाना चांदो में संभावित मृतिका प्रार्थी की माँ सुखनी देवी की मृत्यु के संबंध में मर्ग कायम कर जांच कार्यवाही में लिया गया। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल के पास से बरामद मानव हड्डियों का विधिवत डीएनए परीक्षण करवाया गया, जिसमें उक्त हड्डियां मृतिका सुखनी देवी (70 वर्ष) का होना पाया गया।

जांच के दौरान गवाहों के कथन पर मृतिका के पड़ोसी कवलदेव नगेसिया और उसकी पत्नी बजंती दोनों निवासी ग्राम सरुवत झारखंड के द्वारा टोनही के शक में हत्या कर साक्ष्य छिपाने शव को छिपा देना पाए जाने पर उक्त दोनों आरोपी पति पत्नी के विरुध्द अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि पिछले 2-3 वर्षों के दौरान उनके तीन बच्चों की अचानक अज्ञात कारणों से मृत्यु हो गयी थी, जिससे दोनों पति-पत्नी को मृतिका पर संदेह था कि वह जादू टोना करके उसके बच्चों को मार रही है और पिछले वर्ष नवंबर में जब सुखनी देवी किसी काम से पहाड़ी रास्ते से ग्राम इदरिकला आ रही थी, तब आरोपी महिला बजंती के द्वारा मृतका के सिर में पहले पत्थर से हमला कर घायल कर दी, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी महिला बजंती देवी अपने पति कवलदेव के साथ साक्ष्य छिपाने के लिए मृतिका के शव को घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर ले जाकर झाडिय़ों के नीचे छिपा दिए थे।

 आरोपीगण के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर  न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त कर जेल दाखिल कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट