बलौदा बाजार

नगर पालिका में कर वसूली धीमी 53 दिनों में 2.55 करोड़ वसूलना चुनौती
09-Feb-2026 3:19 PM
नगर पालिका में कर वसूली धीमी   53 दिनों में 2.55 करोड़ वसूलना चुनौती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 फरवरी। नगर पालिका के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में कर वसूली एक प्रमुख चुनौती बन गई है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में 53 दिन शेष हैं और इस अवधि में पालिका को 2 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की वसूली करनी है। पालिका की आय का मुख्य स्रोत कर वसूली है, जिससे शहर में सडक़, पानी, बिजली और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं का संचालन किया जाता है।

नगर पालिका के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष विभिन्न करों से कुल 5 करोड़ 65 लाख 36 हजार रुपये वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले अब तक 3 करोड़ 9 लाख 64 हजार रुपये की ही वसूली हो पाई है। जानकारी के अनुसार जलकर का 30 लाख रुपये से अधिक बकाया है। शहर में जलकरदाताओं की संख्या 2,296 बताई गई है, जिनमें से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है।

टैक्स वसूली में लगे कर्मचारियों पर अन्य कार्यों का दबाव

नगर पालिका द्वारा 21 वार्डों में कर वसूली के लिए 6 कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि वसूली की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही है। पालिका के कुछ कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस वर्ष की वसूली में पिछले वर्ष का लगभग 1 करोड़ 16 लाख 56 हजार रुपये का बकाया भी शामिल है, जिसमें से अब तक लगभग 63 लाख रुपये ही वसूले जा सके हैं। उनका कहना है कि कई महीनों से उन्हें कर वसूली के अलावा अन्य कार्यों में भी लगाया गया, जिससे लक्ष्य प्रभावित हुआ है।

संपत्ति कर 1.44 करोड़ में से मात्र 47 लाख की ही वसूली

नगर पालिका के राजस्व आंकड़ों के अनुसार— संपत्ति कर के 1 करोड़ 44 लाख 9 हजार रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 47 लाख 83 हजार रुपये वसूल हुए हैं। समेतिक कर में 44 लाख 93 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध 18 लाख 94 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। जलकर के 40 लाख 80 हजार रुपये के लक्ष्य में से 30 लाख 34 हजार रुपये की वसूली हुई है। दुकानों के किराए के रूप में 1 करोड़ 49 लाख 46 हजार की मांग के मुकाबले 43 लाख 56 हजार रुपये मिले हैं।  यूजर चार्ज के 17 लाख 17 हजार रुपये के लक्ष्य में से 10 लाख 16 हजार रुपये वसूले गए हैं। अन्य करों से 1 करोड़ 68 लाख 81 हजार रुपये की पूरी वसूली हो चुकी है। कर्मचारियों के अनुसार इस वर्ष लगभग 75 प्रतिशत तक ही कुल वसूली होने का अनुमान है।

 

बड़े बकायदारों पर होगी कार्रवाई - सीएमओ

नगर पालिका सीएमओ आशीष तिवारी ने बताया कि लंबे समय से कर जमा नहीं करने वाले बकायदारों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में बड़े बकायदारों पर कार्रवाई की जाएगी। उनके अनुसार वित्तीय वर्ष समाप्त होने में कम समय बचा है, इसलिए बकाया वसूली के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वसूली के लिए योजना बनाई जा रही - अध्यक्ष

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि जलकर वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि बकायदारों की सूची तैयार कर ली गई है और वसूली के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है। उनके अनुसार कुछ मामलों में करदाताओं की मृत्यु होने के कारण भी वसूली में कठिनाई आ रही है।

वेतन और विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका

वित्तीय वर्ष के अंतिम दो महीनों में राजस्व वसूली की गति बढ़ाना नगर पालिका के लिए आवश्यक हो गया है। समय पर वसूली नहीं होने की स्थिति में विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर असर पडऩे की संभावना जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट