बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 9 फऱवरी। वनों को अग्नि से होने वाली क्षति से बचाने तथा अग्नि सीजन 2026 के दौरान प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार वनमण्डल में परिक्षेत्र एवं वनमण्डल स्तर पर अग्नि सुरक्षा कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 फरवरी को बल्दाकछार परिक्षेत्र में कार्यशाला हुई, 9 फरवरी को सोनाखान परिक्षेत्र में तथा 10 फरवरी को अर्जुनी परिक्षेत्र में अग्नि सुरक्षा कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 11 फरवरी को बारनवापारा एवं कोठारी परिक्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जबकि 12 फरवरी को बलौदाबाजार परिक्षेत्र में कार्यशाला संपन्न होगी। अंत में 13 फरवरी को देवपुर में वनमण्डल स्तरीय अग्नि सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में वनरक्षक, वनपाल, उपवनक्षेत्रपाल, फायर वाचर्स, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अन्य शासकीय कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा स्व सहायता समूहों के सदस्यों को सम्मिलित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यशाला में अधिक से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी ताकि वनाग्नि रोकथाम के लिए व्यापक जनभागीदारी विकसित हो सके और जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाई जा सके।


