बलौदा बाजार

सूने मकान में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
07-Feb-2026 7:50 PM
सूने मकान में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 फरवरी। बलौदाबाजार जिले के थाना सिमगा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज होने के चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

प्रार्थी सक्षम जायसवाल, निवासी टीहूपारा सिमगा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 फरवरी की रात जब वह घर लौटा तो पाया कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखे लगभग 30,000 रुपये मूल्य के सोने के जेवर गायब थे। घर का सामान भी बिखरा हुआ था। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिमगा में धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर सिमगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी झग्गर निषाद और मनीष गायकवाड़ दोनों निवासी टीहूपारा सिमगा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घर को सूना पाकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए 28,000 रुपये मूल्य के सोने के जेवर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को 6 फरवरी को  गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।


अन्य पोस्ट