बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 फरवरी। श्री सीमेंट लिमिटेड के तत्वावधान में रायपुर में 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को विश्व-प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज के मुखारविंद से दो-दिवसीय नवधा भक्ति कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज ने नवविधा भक्ति के महत्व को सरल और प्रेरक शब्दों में समझाते हुए कहा कि भक्ति के नौ स्वरूप—श्रवण, कीर्तन, स्मरण, सेवा, अर्चन, वंदन, दास्य, सख्य और आत्म-निवेदन मानव जीवन को आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में ले जाते हैं।
उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम और भक्त प्रह्लाद द्वारा प्रतिपादित भक्ति मार्ग आज के जीवन में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। स्वामी जी ने कहा कि भक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन के प्रत्येक कर्म में ईश्वर भाव को स्थापित करने की प्रक्रिया है।
कथा के दौरान स्वामी जी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का विस्तृत विवेचन करते हुए धर्म, मर्यादा, करुणा, धैर्य, विनम्रता और नि:स्वार्थ सेवा को मानव जीवन के मूल आधार बताया। उनकी सरल, प्रभावशाली वाणी और गहन आध्यात्मिक विचारों ने श्रोताओं को आत्मचिंतन और आत्मिक जागरण की ओर प्रेरित किया। कथा के प्रत्येक प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयघोष के माध्यम से भावपूर्ण सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर श्री सीमेंट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज अखौरी ने कहा कि स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज की कथा केवल आध्यात्मिक प्रवचन नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को समझने और आत्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि श्री सीमेंट सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के माध्यम से श्री सीमेंट लिमिटेड ने सामाजिक जुड़ाव, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक जागरण को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कथा का सीधा प्रसारण श्री सीमेंट के यूट्यूब चैनल पर 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे से किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ रहे हैं।


