बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 फरवरी। भाटापारा अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर स्थित शासकीय बहु उच्च माध्यमिक विद्यालय में भव्य वार्षिकोत्सव, कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह एवं सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास ने सभी को अत्यंत प्रभावित किया। इसी क्रम में शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 83 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा तथा विद्यालय आने-जाने में उन्हें सुविधा प्राप्त होगी।
इसी प्रकार भाटापारा अंतर्गत रामसागर पारा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 75 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया।
साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
यह योजना छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, उनके आवागमन को सुगम बनाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्हें सशक्त करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। दोनों विद्यालयों में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मबल एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शासन की योजनाएँ विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर डब्लू सिंह ठाकुर जिलापंचायत सभापति राजा जायसवाल सरपंच कनक मनहरे उपसरपंच दिनेश साहू शाला विकास समिति अध्यक्ष संतोष साहू पार्षद प्रतिनिधि देवेन्द्र साहू शिव यदु इतवारी जांगड़े गौरीशंकर संतोष ध्रुव फलित रामनारायण यदु सोनू साहू एवं
पार्षद नरेंद्र यदु पूर्व पार्षद व्यास नारायण यदु एवम समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे ।


