बलौदा बाजार

धान खरीदी में अनियमितता, समिति प्रबंधक पर एफआईआर
24-Jan-2026 7:17 PM
धान खरीदी में अनियमितता, समिति प्रबंधक पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 जनवरी। धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान सामने आई एक अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में नियमों के उल्लंघन के मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खरतोरा स्थित धान उपार्जन केंद्र में प्रभारी समिति प्रबंधक दुर्गेश कुमार गेण्ड्रे के खिलाफ पुलिस थाना पलारी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर क्रमांक 96 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बिना धान की आवक के तौल दर्ज करने का आरोप

प्रशासन के अनुसार 21 जनवरी को यह अनियमितता सामने आई। आरोप है कि प्रभारी समिति प्रबंधक ने अपने बड़े भाई सुरेन्द्र कुमार गेण्ड्रे के नाम पर जारी टोकन का उपयोग करते हुए बिना धान की वास्तविक आवक के 53 कट्टा (21.20 क्विंटल) सरना धान की तौल दर्शाई। प्रशासन के अनुसार इस धान का मूल्य 50,222.50 रुपये दर्शाया गया और तौल पत्रक जारी कर ऑनलाइन प्रणाली में प्रविष्टि भी की गई। भुगतान से संबंधित प्रविष्टि किए जाने का भी आरोप है।

जांच के बाद एफआईआर

प्रशासन का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच कराई गई।

प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। प्रशासन के अनुसार जांच में यह सामने आया कि धान खरीदी नीति के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

धान खरीदी नियमों के अनुसार धान की वास्तविक आवक, भौतिक सत्यापन और तौल के बाद ही ऑनलाइन प्रविष्टि और भुगतान की प्रक्रिया की जाती है। प्रशासन का कहना है कि इस मामले में इन प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।

 जांच जारी, अन्य पहलुओं की पड़ताल

प्रशासन ने बताया कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस प्रक्रिया में अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस द्वारा दस्तावेजों, ऑनलाइन प्रविष्टियों और संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी अनियमितता की सूचना या आशंका मिलती है, वहां जांच कराई जा रही है। प्रशासन के अनुसार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट