बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 जनवरी। वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस का आयोजन वृंदावन हॉल, रायपुर में किया गया। कार्यक्रम में आचार्य चाणक्य के जीवन और सिद्धांतों पर व्याख्यान, विप्र सम्मान तथा दर्शकों के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संदीप शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग, वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष राज्य बाल संरक्षण आयोग, शशांक शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद, राजेश अग्रवाल, समाजसेवी, उमाशंकर व्यास, प्रभात मिश्र, ईशान शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना से हुआ। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक अजय अवस्थी ने स्मृति दिवस की पृष्ठभूमि एवं आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
व्याख्यान के दौरान उमाशंकर व्यास ने कहा कि चाणक्य का दर्शन सामाजिक समरसता पर आधारित है और समाज में क्षेत्रीयता के आधार पर वैमनस्य उचित नहीं है। संदीप शर्मा ने कहा कि चाणक्य ने भारत को एक सूत्र में जोडऩे की कल्पना की थी। वर्णिका शर्मा ने कहा कि चाणक्य की नीतियां राष्ट्र की शक्ति और सुरक्षा से जुड़ी अवधारणाओं से संबंधित हैं। राजेश अग्रवाल ने कहा कि धर्म का आशय कर्तव्य और न्याय से है।
शशांक शर्मा ने कहा कि समाज को एकजुट करने में चाणक्य दर्शन की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रभात मिश्र ने कहा कि बुद्धि का उपयोग समाजहित में करने से व्यक्ति स्वयं प्रगति करता है। ईशान शर्मा ने सनातन मूल्यों के संरक्षण की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समापन अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं को शाल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के लोग उपस्थित रहे। संचालन अजय अवस्थी एवं अरविन्द ओझा ने किया तथा आभार प्रदर्शन नमिता शर्मा द्वारा किया गया।


