बलौदा बाजार

धान खरीदी का पहला दिन परेशान होते रहे किसान, अधिकांश केंद्रों में कर्मचारी नहीं मिले
17-Nov-2025 4:07 PM
धान खरीदी का पहला दिन परेशान होते रहे किसान, अधिकांश केंद्रों में कर्मचारी नहीं मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 नवंबर।  समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत इस वर्ष बेहद धीमी रही। जिले के 166 उपार्जन केंद्रों में से 134 केंद्र पहले दिन पूरी तरह सूने पड़े रहे और बोहनी तक नहीं हो सकी। केवल 32 उपार्जन केंद्रों में 50 किसान पहुंचे जिन्होंने कुल 90 क्विंटल 40 किलो धान बेचा।

यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में चौंकाने वाला हैं। पिछले वर्ष पहले ही दिन 1300 किसान धान बेचने पहुंचे थे और 3019 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। इस बार किसानों की भागीदारी लगभग 26 गुना कम रही और आवक भी ना के बराबर रही।

जिले में 1.65 लाख किसानों का पंजीयन

जिले में इस वर्ष 1 लाख 65 हजार किसान धान बेचने के लिए पंजीकृत हैं। इसके बावजूद पहले दिन मात्र 50 किसान ही केंद्रों तक पहुंचे। जबकि पिछले साल पहले ही दिन 1300 किसनों की मौजूदगी ने खरीदी व्यवस्था को रफ्तार दे दी थी।

अर्जुनी केंद्र से शुभारंभ

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अर्जुनी उपार्जन केंद्र में पूजा अर्चना कर खरीदी का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने पहले किसान छेदु राम वर्मा का तिलक कर स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि किसानों के एक-एक दाने की खरीदी की जाएगी।

 

पलारी टोकन काटा किसान नहीं आए

पलारी, बलोदी, कोसाबंधी अमेरा सहित कई समितियां में समर्थन मूल्य प्रदान खरीदी का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। खरीदी केंद्र पर अनुभागीय अधिकारी दीपक निकुंज प्राधिकृत अधिकारी मुकेश साहू और देव नेम की उपस्थिति में प्रारंभिक पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

हालांकि पलारी केंद्र पर एक विडंबना देखने को मिला टोकन काटे जाने के बाद भी किसान धान बेचने नहीं पहुंचें।  प्राधिकृत अधिकारी नंदकुमार वर्मा ने बताया की खरीदी की पूरी तैयारी हैं।

 हम किसान का इंतजार कर रहे थे लेकिन वे नहीं आए। संभावित कारण के बारे में पूछे जाने पर किसानों ने धान की कटाई में देरी का हवाला दिया।

प्राधिकृत अधिकारी मुकेश साहू ने किसानों को आश्वासन दिया कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलेगी।


अन्य पोस्ट