बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 8 नवंबर। 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है वहीं दूसरी ओर सहकारी समिति कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर की अनिश्चित हड़ताल से खरीदी व्यवस्था पर संकट मंडराने लगा हैं। पांच संभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने 4 नवंबर से अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल शुरू की है जो शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही।
महासमुंद के लोहिया चौक पर हुए संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में बलौदाबाजार जिले के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी की मांगे पूरी नहीं होने पर यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप लेगा हैं।
जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने सरकार से मांग की है कि धान खरीदी वर्ष 2023 24 एवं 2024 25 की संपूर्ण सुखद राशि समितियों को प्रदान की जाए। धान परिवहन में विलंब रोकने के लिए प्रत्येक सप्ताह संपूर्ण धान परिवहन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शटेज प्रोत्साहन कमीशन सुरक्षा व्यय बढ़ाया जाए और मध्य प्रदेश की तर्ज पर उचित मूल्य विक्रेताओं को 3000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। वक्ताओं ने कहा कि शासन द्वारा लिखित आश्वासन के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया हैं। संघ के जिला सचिव सुखदेव सेन ने बताया कि यदि मांगे शीघ्र नहीं मानी गई तो धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे।


