बलौदा बाजार

बलौदाबाजार का पहला वार्ड ही इंतजामों में पिछड़ा, न नाली न सडक़
13-Jan-2025 2:54 PM
बलौदाबाजार का पहला वार्ड ही इंतजामों में पिछड़ा, न नाली न सडक़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 जनवरी। बलौदाबाजार का पहला वार्ड प्रभावशाली लोगों का इलाका है। सामने ही कलेक्टर-एसपी बैठते हैं। जिले के आधा दर्जन सरकारी दफ्तर इसी वार्ड में है। फिर भी यहां के लोग ढंग की नाली और सडक़ को तरस रहे हैं।

बलौदाबाजार नगर के स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 1 की स्थिति खराब है। यह वार्ड जिलाधीश कार्यालय के सामने स्थित होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां लोग बीते 5 साल में कई आवेदन दे चुके हैं, ऐसे विकास कार्य जिनका लोगों ने सपना देखा था वो तो छोड़ ही दीजिए। यहां लोग ढंग की नाली और सीसी रोड को तरस रहे हैं।

वार्ड के लोग बताते हैं कि उनकी नाली सडक़ों और पाइपलाइन के विस्तार के लिए कई बार आवेदन दिए गए। प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वार्ड के लोग परेशान हैं कि उनके आवेदन जानबूझकर नजरअंदाज किए गए क्योंकि वार्ड के पार्षद विपक्षी पार्टी से है।

ज्ञात हो कि वार्ड क्रमांक 1 में सडक़ की समस्या बरसों से है। कलेक्टर कार्यालय से सटे पंचशील नगर में बरसों से सडक़ निर्माण की मांग उठ रही है। पालिका ने कलेक्टर कार्यालय से जनपद पंचायत मोड़ तक सडक़ निर्माण कराया है। पंचशील नगर तक का रास्ता आज भी निर्माण अधीन है। वार्ड के बहुत से लोग अधूरे सडक़ निर्माण के विरोध में चुनाव बहिष्कार की भी तैयारी में है।

वार्ड एक में कुल 1008 मतदाता है, जिसमें 494 पुरुष 514 महिलाएं हैं। वर्तमान पार्षद गोविंद पात्रे कांग्रेस है। इस वार्ड को इस बार आज महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। पहले यह वार्ड अजा वर्ग के लिए आरक्षित था। अब तक कांग्रेस और भाजपा दोनों से कोई महिला उम्मीदवार सामने नहीं आई है। आचार संहिता लागू होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

ज्ञात हो कि वार्ड में बीते तीन चुनावों से कांग्रेस के पार्षद जीतते आ रहे हैं। यहां वार्ड कलेक्टर के सामने है। जिसमें पंचशील नगर इंदिरा कॉलोनी और जिला अस्पताल के आसपास का इलाका शामिल है।

लोगों  का कहना है कि सडक़ और नाली निर्माण के अलावा वार्ड में जल निकासी की गंभीर समस्या है। सोनपुरी रोड के पास बनी नाली अब धंस चुकी है। बारिश के समय नाली का पानी घरों के पास इक_ा हो जाते हैं। इससे मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी होती है। इसके अलावा इंदिरा कॉलोनी में भी पानी निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं है। बारिश के दिनों मे वहां पानी भर जाता है। गर्मियों में पेयजल की समस्या आती है।  लोगों  ने मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी होने की बात कही।


अन्य पोस्ट