बलौदा बाजार

युक्तियुक्तकरण के खिलाफ शिक्षक लामबंद, संघर्ष मोर्चा का 9 को प्रदर्शन की चेतावनी
23-Aug-2024 2:35 PM
युक्तियुक्तकरण के खिलाफ शिक्षक लामबंद, संघर्ष मोर्चा का 9 को प्रदर्शन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 23 अगस्त। शिक्षा विभाग में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया चल रहा है। स्कूलों की सूची बना बना ली गई है। नियम कायदों में उलझी इस प्रक्रिया को लेकर शिक्षक के साथ उच्चाधिकारी भी तनाव में हैं।

मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर दीपक सोनी ने स्कूलों की युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा मर्ज किए जाने वाले स्कूलों की जानकारी भेजने के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी से युक्तियुक्तकरण किए जाने वाले स्कूलों की अब तक की उपलब्ध जानकारी मंगाई है।

युक्तियुक्तकरण की पूरी प्रक्रिया में ज्यादातर एलबी संवर्ग के सहायक शिक्षक शिक्षक और व्याख्याता के अतिशेष और संलग्न शिक्षक शामिल होने वाले हैं। जिले के कुल 1812 स्कूलों में से 350 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया जाएगा, जबकि चार स्कूलों को पूरी तरह से मर्ज कर दिया जाएगा। जिले में अभी 970 प्राइमरी 638 मिडिल 134 हायर और 70 हाई स्कूलों सहित कुल 1812 स्कूल है।

युवकों के शिक्षक बनने का सपना होगा चकनाचूर- मोर्चा अध्यक्ष

गुरुवार को युक्तियुक्तकरण और ऑनलाइन अवकाश की विसंगति के विरोध में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा प्रदेश भर में गुरुवार को मुख्यमंत्री व शिक्षा सचिव के नाम कलेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा व 9 सितंबर को सभी जिला मुख्यालय में विशाल धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।

मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा वीरेंद्र दुबे विकास राजपूत संजय शर्मा का कहना है कि युक्तियुक्तकरण से शिक्षकों को पदोन्नति के लिए पद नहीं मिलेगा और बीएड टेट उत्तीर्ण युवकों के शिक्षक बनने का सपना चकनाचूर होगा क्योंकि तब शाला में शिक्षकों के रिक्त पद ही नहीं बचेंगे। पदोन्नति किए बिना शिक्षकों का यह विसंगति पूर्ण युक्तियुक्तकरण हमें मंजूर नहीं है। न्यूनतम विद्यार्थी संख्या पर भी प्रधान पाठक व चार शिक्षक का सेटअप स्वीकृत किया जाए।

इस तरह शिक्षक हो जाएंगे अतिशेष

प्राइमरी स्कूलों से 30 बच्चों पर एक शिक्षक तो मिडिल में 35 बच्चों पर एक शिक्षक का सेटअप होगा। हाई सेकेंडरी और हाई स्कूल में विषय वार सेटअप तैयार होगा। जिले के 668 मिडिल स्कूलों में दर्ज संख्या 56 हजार 824 है इन्हें पढ़ाने के लिए 1891 शिक्षक हैं। सेटअप के हिसाब से यहां 1623 शिक्षक यानी सेटअप के अनुसार जिले के मिडिल स्कूलों में लगभग 268 शिक्षक अतिशेष के दायरे में आएंगे। वहीं जिले के 970 प्राइमरी स्कूलों में 89 हजार 591 छात्रों की दर्ज संख्या है। उन्हें पढ़ाने के लिए 3 हजार 276 शिक्षक हैं। जबकि सेटअप के अनुसार 2 हजार 986 शिक्षक होने चाहिए। इस लिहाज से जिले के प्राइमरी स्कूलों में अतिशेष शिक्षकों की संख्या लगभग 986 होगी शिक्षक होने चाहिए इस लिहाज से जिले के प्राइमरी स्कूलों में अतिशेष शिक्षकों की संख्या 290 होगी। हाई सेकेंडरी स्कूल तथा हाई स्कूलों में विषय वार शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। ऐसे में है, हायर व हाई स्कूलों के लगभग 50 शिक्षक अतिशेष के दायरे में आएंगे। इस तरह जिले में कुल  अतिशेष शिक्षकों की संख्या लगभग 600 रहेगी। जिले के अतिशेष शिक्षकों के लिए राहत की बात यह है की अतिशेष शिक्षकों की संख्या काफी कम होने के कारण उन्हें जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा वे जिले के ही स्कूलों में शिफ्ट हो जाएंगे। बाद में शिक्षक भी युक्तकरण होंगे।

एक परिसर वाले स्कूलों का होगा युक्तियुक्तकरण

9 सितंबर तक सभी युक्तियुक्तकरण किए गए स्कूलों की सूची शासन को सौंपनी है। जिला शिक्षा अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार एक ही परिसर में लगने वाले जिले के लगभग 350 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण होगा। जबकि चार स्कूल पूरी तरह मर्ज हो जाएंगे। अगर एक ही परिसर में प्राथमिक मिडिल और हाई स्कूल हैं तो वे हाई स्कूल में मर्ज हो जाएंगे। अगर एक ही परिसर में प्राथमिक मिडिल हाई स्कूल हाई सेकेंडरी हैं तो वे हाई सेकेंडरी में मर्ज हो जाएंगे।


अन्य पोस्ट