बलौदा बाजार
जिले की पुलिस व्यवस्था पर उठ रहे कई सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने जारी बयान में कहा कि भाजपा राज के छह माह में भ्रष्टाचार हावी है, कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। जनता से वादा खिलाफी भाजपा की पहचान बन गई है। विष्णु देव सरकार की विफलताओं की पूरी श्रृंखला है। साय सरकार के 6 माह में छत्तीसगढ़ बदहाल हो गया। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। बलौदाबाजार में एसपी कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया।
आगे कहा कि प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गई है। आरंग में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या, गौ तस्करी, महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी, पोटाकेबिन में बच्ची की जलकर मौत, नारायणपुर में मासूम बच्चियों से स्कूल में छेडख़ानी के अलावा राज्य में लूट, अपराध, डकैती, चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ गई है। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। नक्सली दुर्घटनाएं बढ़ गई।
सरकार ने 6 माह में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाई। रोज नक्सली हत्याएं कर रहे हैं और सरकार बयान देने तक सीमित है। रेत के दाम 3 गुना बढ़ गये। भाजपाई सत्ताधीशों और रेट माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गई है। 18 लाख आवास देने का वादा था 6 माह में एक भी नया मकान नहीं दे पाए हैं। कांग्रेस राज में 7 किलो राशन मिलता था उसमें कटौती हो गई। सरप्ल बिजली वाले छत्तीसगढ़ में बिजली कटौती शुरू हो गई। जमीनों की रजिस्ट्री में जनता को लूटा जा रहा है। भूमि के गाइडलाइन के दर में 30 फीसदी के छूट को समाप्त कर दिया। लेकिन रजिस्ट्री फीस में 4 फीसदी की बढ़ोतरी को नहीं हटाया गया। खाद बीज का संकट सरकार की तैयारी पूरी नहीं है वहीं सरकार ने व्यापारियों से भयादोहन शुरू कर दिय है।
जीएसटी के छापे मारकर व्यापारियों को डरा कर वसूली किया जा रहा। 6 माह में 16000 करोड़ का कर्ज लेने वाली सरकार का वित्तीय प्रबंधन फेल है। छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र शासित सरकार बन गई है। सरकार के सारे फैसले पीएमओ से लिए जा रहे हैं। महतारी वंदन में महिलाओं से धोखा किया गया है। 25 प्रतिशत के ही खाते में रुपए आए हैं। जबकि शेष महिलाएं भटक रही हैं। साय सरकार 6 माह में ही अलोकप्रिय साबित हो रही है।


