बलौदा बाजार

सरल और रोचक विधि से समझाया गणित के गूढ़ रहस्यों को
19-Dec-2021 4:30 PM
सरल और रोचक विधि से समझाया गणित के गूढ़ रहस्यों को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 दिसंबर।
  महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिन पर सप्ताह भर विविध कार्यक्रम शासकीय डीके स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गणित स्नातकोत्तर विभाग ने आयोजित किए। सप्ताह भर चले इस आयोजन का समापन छत्तीसगढ़ के गणित की जानी मानी हस्ती भारती विश्व विद्यालय दुर्ग के कुलपति डॉ. एचके पाठक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने पावर पाइंट प्रेजेंटेशन द्वारा गणित के गूढ़ रहस्यों को बहुत ही सरल और रोचक विधि से समझाया।

डी के महाविद्यालय में गणित के विभागाध्यक्ष प्रो. परुरषोत्तम झा ने आयोजन की जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्कूली बच्चों में गणित की जानकारी, गणित के सवालों को हल करने की क्षमता, गणित के प्रति उनका रुझान देखने 15 शासकीय व निजी शालाओं का चयन कर महाविद्यालय के एमएससी तथा बीएससी में अध्ययनरत छात्रों को स्कूल भेजा गया। छात्रों की गणित विषय की प्रतियोगिता कराई गई। अंकों के आधार पर प्रथम, द्वितीय को पुरस्कार दिया गया। परीक्षा लेने गए छात्रों ने बताया कि स्कूली छात्रों ने पूरे उत्साह से भाग लिया।

मुख्य अतिथि डॉ. पाठक ने कहा कि यहां के छात्रों में प्रतिभा है, जिसका विकास करना जरूरी है। यहां के छात्र किसी भी मेट्रो सिटी के छात्रों से कम नहीं है। इन्हें उचित मार्गदर्शन की जरूरत है जो यहां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में डॉ. पाठक ने पावर पाइंट प्रेजेंटेशन द्वारा गणित के गूढ़ रहस्यों को बहुत ही सरल और रोचक विधि से समझाया। डॉ. पाठक 20 से अधिक देशों में गणित पर व्याख्यान दे चुके हैं। गणित पर उनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं जो छात्रों में काफी लोकप्रिय हैं। डॉ. पाठक ने सरस्वती शिशुमंदिर अर्जुनी की मुस्कान साहू व नम्रता ठाकुर को प्रथम स्थान के लिए तथा ज्ञान गंगा विद्यालय बलौदाबाजार की खुशबू अग्रवाल को द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया। अन्य प्रतिभागी छात्र नीलोफर परवीन, उत्कर्ष पाटकर, चेतना ठाकुर, निशा, दुलेश्वरी साहू, प्रियांश गुप्ता, टिकेश्वर साहू, मानसी, हरीश साहू, सुमन बांधे, घनश्याम, चित्ररेखा को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. अशोक उपाध्याय अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के आयोजन में छत्तीसगढ़ विज्ञान व प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर व राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार की विशेष भूमिका रही है।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. पुरुषोत्तम झा व नीरजा नामदेव ने मुख्य अतिथि का स्मृतिचिन्ह से सम्मान किया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. विमल गोविंदानी, डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. सीके चंद्रवंशी, प्रो. एसएल नेगी, डॉ. ब्रह्मानंद मारकंडे, प्रो. एफ. मिंज, डॉ. रीता यादव, डॉ. शशिकांत त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा।
 


अन्य पोस्ट