बालोद

गोमूत्र खरीदी का शुभारम्भ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद 29 जुलाई। समूचे छत्तीसगढ़ की भांति बालोद जिले में भी हर्षोल्लास के साथ छत्तीसगढ़ की पहली तिहार ‘हरेली‘ मनाया गया। जिले के बालोद विकासखंड के ग्राम बरही और डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम जेवरतला के गोठान में जिला स्तरीय हरेली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संसदीय सचिव एवं गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने हल, फावड़ा एवं खेती किसानी में प्रयुक्त होने वाले अन्य औजारों का पूजा अर्चना तथा गोधन को पारम्परिक जड़ी, बूटी खिलाकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर राज्य शासन के महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत गोमूत्र खरीदी का भी शुभारम्भ किया गया।
इस दौरान हितग्राहियों को वर्मी कपोस्ट के अलावा जीवाश्म एवं जैविक कीटनाशक ब्रम्हास्त्र का भी वितरण किया गया। हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी वर्गो के साथ साथ अधिकारी, कर्मचारी भी छत्तीसगढिय़ा रंग में रंगे नजर आ रहे थे।
अतिथियों के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना के अलावा राजगीत का भी गायन किया गया। ग्राम बरही के गौठान में स्थानीय विधायक संगीता साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ रस्सा खींच कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा गौठान में गेड़ी दौड़, फुगड़ी आदि प्रतियोगिताओ का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ललिता साहू, धनेश्वरी सिन्हा, जनपद सदस्य सुश्री अमृता नेताम, ग्राम पंचायत बरही की सरपंच श्रीमती कांति मानिकपुरी, ग्राम पंचायत जेवरतला के सरपंच श्री यशवंत रावटे सहित कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह, वनमण्डलाधिकारी श्री आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रूपेश पाण्डेय एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम में अतिथियो के द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं वनमंडलाधिकारी आयुष जैन ने गेड़ी में चढक़र कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम जेवरतला के गोठान मे आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए संसदीय सचिव श्री कुंवर सिंह निषाद ने उपस्थित लोगों को छत्तीसगढ़ की पहली तिहार हरेली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गोबर खरीदी करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था। आज यह योजना अपने विशेषताओ के कारण पूरे देश और दुनिया के लिए रोल मॉडल बन गया है। इसके साथ ही हमारे देश के कई राज्य इस योजना को लागू कर रहे है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही यहॉ की कला, संस्कृति, रीति रिवाज और परम्परा को भी संरक्षण व संवर्धन करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे तीज, त्यौहार, पर्व उत्सव एक दूसरे को भावनात्मक रूप से जोडक़र रखती है। उन्होंने सभी लोगों को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, समरसता, भाईचारा को भी बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने गोबर खरीदी, जैविक खाद आदि की महत्ता के संबंध मे विस्तार से जानकारी दी। श्री निषाद ने कहा की छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। लेकिन इसे धरातल पर लागू कराने की जिम्मेदारी आमजनता की है।
बालोद विकासखंड के ग्राम बरही मे आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संजारी बालोद की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने उपस्थित लोगों को छत्तीसगढ़ की पहली तिहार हरेली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को हरेली तिहार और उसके महत्व के संबंध मे जानकारी दी। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा छत्तीसगढ़ के तीज, त्यौहार को पुर्नस्थापित कर इसे नई पीढ़ी को परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। श्रीमती सिन्हा ने कहा की राज्य सरकार द्वारा आज से गोमूत्र खरीदी करने का ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। राज्य शासन द्वारा शरू किए गए गोबर, गो मूत्र खरीदी करने का यह योजना आने वाले समय मे बहुत ही कल्याणकारी और लोगों के लिए लाभप्रद सिद्ध होगी। आज रासायनिक खाद एवं फसलों मे डालने वाले रासायनिक दवाइयो से होने वाले दुष्प्रभावों से रोकने के लिए हमारी यह योजना रामबाण सिद्ध होगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मिथिलेश निरोटी ने हरेली तिहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उपस्थित लोगों को राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध मे विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को हरेली तिहार के महत्व के संबंध मे जानकारी देते हुए कहा की हमारे सभी पर्व एवं उत्सवों मे किए जाने वाले विधि, विधानो का वैज्ञानिक आधार भी है। उन्होंने इसके संबंध मे बहुत ही रोचक एवं प्रेरणास्पद जानकारी भी दी। डॉ सिंह ने कहा की छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई गोबर खरीदी योजना के कारण पूरे देश और दुनिया मे छत्तीसगढ़ को नई पहचान मिली है। इसका फायदा आने वाले समय मे आप सभी को देखने को मिलेगा। इस अवसर पर रस्सा खींच, गेड़ी दौड़, फुगड़ी आदि प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।