ताजा खबर
बीजिंग, एक मई। चीन में कोविड-19 वायरस के अनुक्रमण से जुड़ी जानकारी सबसे पहले प्रकाशित करने वाले वैज्ञानिक ने कहा कि उन्हें कई दिन के विरोध प्रदर्शन के बाद अपनी प्रयोगशाला में वापस जाने की अनुमति दे दी गई है।
वैज्ञानिक झांग योंगझेन ने बुधवार को सोशल मीडिया में अपने पोस्ट में लिखा कि अधिकारी उन्हें और उनकी टीम को प्रयोगशाला में जाने देने और शोध जारी रखने पर ‘‘अस्थाई रूप से सहमत’’ हो गए हैं।
झांग और उनकी टीम को अचानक प्रयोगशाला छोड़ने को कहा गया था। वह सप्ताहांत से अपनी प्रयोगशाला के बाहर धरना दे रहे थे। यह घटनाक्रम कोरोना वायरस पर अनुसंधान कर रहे वैज्ञानिकों पर बीजिंग के बढ़ते दबाव का संकेत देता है।
‘शंघाई पब्लिक हेल्थ क्लिनिकल सेंटर’ ने पहले कहा था कि झांग की प्रयोगशाला का नवीनीकरण किया जा रहा है और सुरक्षा कारणों से इसे बंद किया गया है लेकिन झांग ने कहा कि उनकी टीम को कोई विकल्प नहीं दिया गया और नई प्रयोगशाला अनुसंधान के लिए सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है।
झांग से जुड़ी यह घटना यह दिखाती है कि चीन कैसे वायरस से जुड़ी जानकारियों को नियंत्रित कर रहा है।
‘एसोसिएटेड प्रेस’ की जांच में पाया गया कि सरकार ने कोरोना वायरस फैलने के शुरुआती दिनों से ही इसके बारे में पता लगाने संबंधी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को रोका था। यह सिलसिला अब भी जारी है, प्रयोगशालाएं बंद हैं, विदेशी वैज्ञानिकों को देश से जाने के लिए कहा गया और चीनी अनुसंधानकर्ताओं के देश छोड़ने पर रोक लगाई गई है। (एपी)
नयी दिल्ली, 1 मई। लोकसभा चुनाव का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के निमंत्रण पर भारत की यात्रा पर आए 10 देशों के 18 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित पार्टी के कई नेताओं से बातचीत करेंगे।
भाजपा ने कहा कि विदेशी नेताओं को पार्टी के चुनाव अभियान की जानकारी दी जाएगी और उन्हें उसकी रणनीतियों और समग्र चुनावी प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि विदेशी प्रतिनिधि बुधवार को नड्डा से मुलाकात करेंगे और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ भी बातचीत करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया की लिबरल पार्टी, वियतनाम की वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी, बांग्लादेश की अवामी लीग, इजराइल की लिकुड पार्टी, युगांडा की नेशनल रेजिस्टेंस मूवमेंट, तंजानिया की चामा चा मापिनदुजी और रूस की यूनाइटेड रशिया पार्टी उन राजनीतिक दलों में शामिल हैं, जिनके प्रतिनिधि भारत की यात्रा पर हैं।
श्रीलंका से पोडुजन पेरामुना और यूनाइटेड नेशनल पार्टी, मॉरीशस से मिलिटेंट सोशलिस्ट मूवमेंट, मॉरीशस लेबर पार्टी, मॉरीशस मिलिटेंट मूवमेंट और पार्टी मॉरिशियन सोशल डेमोक्रेट, नेपाल से नेपाली कांग्रेस, जनमत पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सवादी-लेनिनवादी), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रतिनिधि भी भाजपा के निमंत्रण पर भारत का दौरा कर रहे हैं।
भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा कि यह यात्रा पार्टी के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम 'भाजपा को जानो' का हिस्सा है, जिसे नड्डा ने पिछले साल पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर शुरू किया था। (भाषा)
नयी दिल्ली, 1 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र और गुजरात के स्थापना दिवस पर दोनों राज्यों के लोगों को बधाई दी। उन्होंने महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहने की प्रतिबद्धता जताई, वहीं गुजरात की समृद्धि की कामना भी की।
वर्ष 1960 में एक मई के दिन ही महाराष्ट्र और गुजरात अलग-अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए थे। इससे पहले, दोनों राज्य बंबई प्रांत का हिस्सा थे।
मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "गुजरात राज्य के स्थापना दिवस के इस शुभ अवसर पर, हम गुजरात के लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, उल्लेखनीय उपलब्धियों और जीवंत भावना को याद करते हैं।"
उन्होंने कहा, "राज्य उद्यमशीलता, लचीलेपन और समावेशी विकास के अपने लोकाचार के साथ पीढ़ियों को समृद्ध और प्रेरित करता रहे। गुजरात के लोगों को मेरी शुभकामनाएं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य का स्थापना दिवस इस भूमि की गौरवशाली विरासत और अदम्य भावना का जश्न मनाने का अवसर है जिसने महान दूरदर्शी पैदा किए हैं और जो सांस्कृतिक समृद्धि से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र परंपरा, प्रगति और एकता के प्रतीक के रूप में खड़ा है। हम महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहने की अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करते हैं। महाराष्ट्र के लोगों को मेरी शुभकामनाएं।" (भाषा)
नयी दिल्ली, 1 मई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर नागरिकों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि दोनों राज्यों के लोग देश के विकास में प्रभावी योगदान देते रहेंगे।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गुजरात दिवस पर सभी देशवासियों और विशेषकर गुजराती भाई-बहनों को मेरी हार्दिक बधाई। गुजरात के कर्मठ, प्रतिभाशाली और उद्यमी लोगों ने पूरे विश्व में राज्य और देश का नाम रौशन किया है।’’
उन्होंने लिखा है, ‘‘विकास के अनेक पैमानों पर गुजरात देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। मुझे विश्वास है कि गुजरात के लोग देश के विकास में प्रभावी योगदान देते रहेंगे। उन सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’
एक अन्य संदेश में मुर्मू ने महाराष्ट्र स्थापना दिवस पर सभी देशवासियों खासकर राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर सभी देशवासियों, विशेषकर महाराष्ट्र के लोगों को हार्दिक बधाई। छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली और कर्मस्थली रही इस भूमि ने महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, ताराबाई शिंदे और बाबासाहब आंबेडकर जैसी महान विभूतियं देश को दी हैं।’’
मुर्मू ने लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के लोग निरंतर देश की प्रगति में अमूल्य योगदान देते रहे हैं। मेरी मंगलकामना है कि महाराष्ट्र के निवासी देश की विकास यात्रा में नए प्रतिमान स्थापित करते रहें। राज्य के लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’ (भाषा)
मुंबई, एक मई। अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना की जांच कर रही मुंबई पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को भारत के बाहर सक्रिय देश विरोधी तत्वों से धन अथवा हथियार के रूप में किसी प्रकार की मदद तो नहीं मिली थी।
मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 14 अप्रैल की सुबह दो लोगों ने गोलियां चलाई थीं। इसी अपार्टमेंट में सलमान खान रहते हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शूटर विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को गुजरात से गिरफ्तार किया था और हथियार आपूर्तिकर्ताओं सोनू कुमार चंदर बिश्नोई (37) और अनुज थापन (32) को पंजाब से गिरफ्तार किया था।
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गुप्ता, पाल और थापन को सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें आठ मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसका छोटा भाई अनमोल बिश्नोई इस मामले में आरोपी हैं। माना जा रहा है कि अनमोल फिलहाल अमेरिका अथवा कनाडा में है। अनमोल ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से गोलीबारी प्रकरण की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसका ‘आईपी एड्रेस’ पुर्तगाल का मिला है।
पुलिस ने अपनी हिरासत याचिका में कहा कि भले ही लॉरेंस बिश्नोई जेल में है लेकिन उसका आपराधिक नेटवर्क अतंरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या बिश्नोई गिरोह को भारत के बाहर देश विरोधी तत्वों से हथियार और धन के रूप में किसी प्रकार की मदद मिली है।
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस मामले में कथित शूटरों को हथियार कहां से मुहैया कराए गए थे।
अधिकारी के अनुसार, जांचकर्ताओं का मानना है कि बिश्नोई गिरोह देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में आतंक पैदा करना चाहता है। (भाषा)
लखनऊ, 1 मई। कोविशील्ड वैक्सीन के 'साइड इफेक्ट्स' को लेकर उठे विवाद के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने लोगों की जान जोखिम में डालकर वैक्सीन निर्माता से राजनीतिक चंदा वसूला है और इसकी उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी 'जानलेवा' दवाओं की अनुमति देना किसी की हत्या की साजिश के समान है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "एक व्यक्ति को दो वैक्सीन के हिसाब से लगभग 80 करोड़ भारतीयों को कोविशील्ड वैक्सीन दी गयी है, जिसके बारे में उसका मूल फ़ार्मूला बनानेवाली कंपनी ने कहा है कि इससे हृदयघात का ख़तरा हो सकता है। जिन लोगों ने वैक्सीन के साइड एफ़ेक्ट के कारण अपनों को खोया है या जिन्हें वैक्सीन के दुष्परिणामों की आशंका थी, अब उनका शक़ और डर सही साबित हुआ है।"
उन्होंने कहा, "लोगों की ज़िंदगी से खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। ऐसी जानलेवा दवाइयों को अनुमति देना किसी की हत्या के षड्यंत्र के बराबर है और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों पर आपराधिक मुक़दमा चलना चाहिए।"
उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा,‘‘सत्ताधारी दल ने वैक्सीन बनानेवाली कंपनी से राजनीतिक चंदा वसूलकर जनता की जान की बाज़ी लगायी है। न क़ानून कभी उन्हें माफ़ करेगा, न जनता। इस मामले में सर्वोच्च स्तर पर न्यायिक जांच हो।"
इससे पहले, मंगलवार को सपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने लोगों को "जबरन" लगाई गई कोविड वैक्सीन के निर्माता से "कमीशन" लिया।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख अजय राय ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला किया था और आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा था, "क्या यही मोदी की गारंटी है?"
ब्रिटिश मीडिया द्वारा उद्धत किए गए अदालत ही दस्तावेजों के मुताबिक ब्रिटेन की फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने स्वीकार किया है कि यूरोप में वैक्सजेवरिया और भारत में कोविशील्ड नामक उसकी कोविड-19 वैक्सीन 'बहुत दुर्लभ मामलों' में रक्त के थक्के से संबंधित दुष्प्रभाव पैदा कर सकती है। हालांकि इसका कारण अज्ञात है।
भारत में एस्ट्राजेनेका वैक्सीन का निर्माण सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा किया गया था।
सपा महासचिव शिवपाल यादव ने इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए कहा था, "अब यह उजागर हो गया है कि उन्होंने टीकों में भी कमीशन लिया है। लोगों को घटिया गुणवत्ता वाले टीके और दवाएं दी गईं।"
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने देश में लोगों को 'जबरन' कोविड के टीके लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा था, "भाजपा ने 200-300 करोड़ रुपये का चंदा लिया और उन्हें (कंपनी को) वैक्सीन बेचने की अनुमति दी गई। लोगों को जबरन वैक्सीन लगाई गई। दुनिया में कहीं भी वैक्सीन जबरन नहीं लगाई गई। वैक्सीन बनाने में भ्रष्टाचार सामने आया है, जिसकी वजह से अब लोग मर रहे हैं।"
कोविड के समय में अखिलेश यादव ने कहा था कि वह 'बीजेपी की वैक्सीन' नहीं लगवाएंगे। (भाषा)
लखनऊ, 1 मई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसके शासन में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र खत्म कर दिया गया था और अब वह अपने प्रचार के लिए भ्रम, अफवाह, ‘डीपफेक’ और अन्य सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन में आरक्षण कभी खत्म नहीं हो सकता।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के कुछ उम्मीदवारों के नामांकन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश आए ठाकुर ने लखनऊ हवाई अड्डे पर 'पीटीआई वीडियो सेवा' से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस के शासन में ही आपातकाल लगाकर लोकतंत्र खत्म कर दिया गया था।"
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, "कांग्रेस भ्रम, अफवाह, डीपफेक और सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है। जिस तरह विदेशी ताकतें किसी भी देश को अस्थिर करने की कोशिश करती हैं, उसी तरह कांग्रेस अपने प्रचार के लिए सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।"
ठाकुर ने कहा, "वे (कांग्रेस) लगातार झूठ बोलते रहे हैं। वे कहते हैं कि आरक्षण खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। सच यह है कि मोदी सरकार ने 10 साल तक शासन किया, आरक्षण की कोई बात नहीं हुई। मोदी राज में यह कभी खत्म नहीं होगा। हमने एससी, एसटी और ओबीसी को अधिकार दिए हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने उनके अधिकार छीन लिए हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में आरक्षण खतरे में है, चाहे वह आंध्र प्रदेश हो, कर्नाटक हो या तेलंगाना।
ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस ने डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को अपमानित और परेशान किया। मोदी जी के शासन में ही संविधान दिवस मनाया गया और 'पंच तीर्थ' बनाए गए। ‘सबका साथ सबका विकास’ हमारा नारा है।"
उन्होंने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश के लोग नया रिकॉर्ड बनाएंगे और "400 पार" के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "चाहे 2014 हो या 2019, उत्तर प्रदेश की भूमिका हमेशा रही है। हमें मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।"
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "दो शहजादे पहले भी एक साथ आए थे। अब वे नए प्रिंट में आए हैं.... लेकिन वे ज्यादा कुछ नहीं कर पाएंगे।" (भाषा)
(ललित के झा)
वाशिंगटन, 1 मई। अमेरिका के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने संबंधी आरोपों की जांच के लिए अमेरिका, भारत के साथ ‘‘लगातार काम’’ कर रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब समाचार पत्र ‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने अपनी एक खबर में अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा है कि पिछले वर्ष अमेरिकी धरती पर पन्नू को मारने की कथित साजिश में ‘रिसर्च एंड एनालिसिस विंग’ (रॉ) के एक अधिकारी शामिल थे।
भारत ने इन दावों को मंगलवार को सिरे से खारिज किया और कहा कि खबर में एक गंभीर मामले में ‘‘अवांछित और निराधार’’ आरोप लगाए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
पटेल ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा,‘‘ हम भारतीय जांच समिति की जांच के परिणामों के आधार पर भारत सरकार से जवाबदेही की उम्मीद करते हैं और हम लगातार उनके साथ काम कर रहे हैं...।’’
वाशिंगटन पोस्ट की खबर के संबंध में पूछे जाने पर पटेल ने कहा,‘‘ हम भारत सरकार के समक्ष अपनी चिंताएं व्यक्त करते रहेंगे....।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा, ‘‘रिपोर्ट में एक गंभीर मामले में अवांछित और निराधार आरोप लगाए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि कथित साजिश पर अमेरिका द्वारा दी गई जानकारी की पड़ताल करने के लिए भारत द्वारा गठित एक उच्चस्तरीय जांच समिति मामले में अब भी तफ्तीश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार ने संगठित अपराधियों, आतंकवादियों तथा अन्य के नेटवर्क पर अमेरिकी सरकार द्वारा साझा की गईं सुरक्षा चिंताओं की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है जिसकी जांच जारी है।’’
जायसवाल ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ की खबर पर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘इस पर काल्पनिक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों की जरूरत नहीं है।’’
‘द वाशिंगटन पोस्ट’ की खबर में रॉ के अधिकारी की पहचान विक्रम यादव के रूप में की गई है और आरोप लगाया गया है कि पन्नू को मारने की साजिश में वह शामिल थे।
पिछले साल नवंबर में अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर अमेरिका में सिख अलगाववादी पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश में भारत सरकार के एक आधिकारी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया था।
भारत में आतंकवाद के आरोपों में वांछित पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता है। उसे विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (रोकथाम) अधिनियम के तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आतंकवादी घोषित किया गया है।
इससे कुछ महीने पहले कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सितंबर में ब्रिटिश कोलंबिया में 18 जून को खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संलिप्तता का दावा किया था। (भाषा)
हाईकोर्ट ने दिया मुआवजे का आदेश, 10 दिन के भीतर ऐसा दूसरा फैसला
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
बिलासपुर, 1 मई। तहसीलदार ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए पेड़ कटाई के आरोपी को रात में जेल दाखिल करा दिया। हाईकोर्ट ने इस पर 25 हजार रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट में 10 दिन के भीतर आया यह दूसरा फैसला है, जिसमें गलत गिरफ्तारी के लिए मुआवजा देने का आदेश दिया गया है।
रायपुर की आरंग तहसील के ग्राम बेहर में पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत कलेक्टर रायपुर से की गई थी। आरंग के तत्कालीन तहसीलदार नरेंद्र बंजारा इसकी जांच के लिए गए थे। मौके पर याचिकाकर्ता शब्द शरण साहू से उनका विवाद हो गया। तहसीलदार ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। याचिकाकर्ता के खिलाफ 107, 116 तथा 151 के तहत अपराध दर्ज किया गया और तहसीलदार के ही न्यायालय में रात के समय याचिकाकर्ता को पेश किया गया। रात में ही तहसीलदार ने उसे रायपुर जेल भेजने का आदेश दे दिया। उसे एक सप्ताह बाद जमानत मिली। अपनी गिरफ्तारी को शब्द शरण साहू ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। इसमे पुलिस व तहसीलदार की कार्रवाई को गलत बताया गया। जिस तहसीलदार ने शिकायत दर्ज कराई उन्होंने ही रात में वारंट जारी कर उन्हें जेल भेज दिया। जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रजनी दुबे की डिवीजन बेंच ने तहसीलदार की कार्रवाई को विधि विरुद्ध बताते हुए पीड़ित को 25 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।
ज्ञात हो कि पिछले अप्रैल महीने में भी बिलासपुर की रिटायर्ड शिक्षिका व उसकी इंजीनियरिंग छात्रा की बेटी की गिरफ्तारी के मामले में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने शासन को 3 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया था। इस मामले में उन्हें सिविल लाइन बिलासपुर पुलिस ने घर से उठा लिया था और मजिस्ट्रेट ने उनको जेल भेज दिया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, कोर्राम व प्रत्याशी सुदीप श्रीवास्तव की पत्रकार वार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
बिलासपुर, 1 मई। हमर राज पार्टी के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने कहा कि आदिवासी इलाकों में समस्याएं आज भी उसी तरह की बनी हुई है। राज्य बनने के बाद भी इसमें किसी तरह का कोई सुधार नहीं आया।उनकी नई पार्टी सभी लोगों को साथ लेकर तमाम समस्याओं के समाधान करना चाहती है। पार्टी लोगों की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मैदान में उतरी है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने क्षेत्रीय समस्याओं की ओर कभी ध्यान नहीं दिया। जल जंगल जमीन खतरे में है। पब्लिक सेक्टर के कारण ही अभी तक कुछ बचा हुआ है और लोगों के हितों की रक्षा इसके रहते ही हो रही है। निजीकरण से सभी चीजें हाथ से निकल जाएगी।
बिलासपुर में हमर राज पार्टी के प्रत्याशी सुदीप श्रीवास्तव लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके लिए प्रचार करने पहुंचे नेताम ने कहा कि कांग्रेस शासन काल 1996 में पेसा कानून बनाया गया था जिसे कांग्रेस ने ही खत्म कर दिया। पेसा कानून के बावजूद बिना ग्राम सभा की अनुमति के खदानों के लाइसेंस बांटे जाते रहे हैं। आदिवासी इलाके के लोग खतरे में है। दोनों प्रमुख पार्टी की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है। हसदेव के जंगल को बचाया जाना बहुत जरूरी है। उस जंगल में जो साल के पेड़ हैं, वह लगाए नहीं जा सकते। वह अपने आप उगते हैं। और ऐसे पेड़ों को काटा जा रहा है जिसका परिणाम सभी भुगतेंगे। हमर राज पार्टी में अच्छे लोगों की तलाश हो रही है। सुदीप श्रीवास्तव जैसे लोग मिलते जाएंगे तो पार्टी और मजबूत होती जाएगी। एक दिन ऐसा आएगा कि दूसरी पार्टियों को यह पार्टी पीछे कर देगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकबर राम कोर्राम ने कहा कि करीब 12 राज्यों का दौरा करने के बाद उन्होंने पाया कि हर जगह आदिवासियों की हालत बुरी है। न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि दूसरे राज्यों में भी यह पार्टी विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़ा रही है। किसी भी ग्राम पंचायत में जाकर देख लें वहां पंचायत के प्रतिनिधियों की बजाय सभी काम ठेकेदारों से कराया जा रहा है। आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं प्राप्त नहीं हो रही है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में स्कूल बंद है, छात्रावासो में ठूंस ठूंस कर छात्र-छात्राओं को भरा गया है।
प्रत्याशी सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बिलासपुर का राजनीतिक वजन अविभाजित मध्य प्रदेश के पहले से ही काफी मजबूत रहा है। राज्य बनने के बाद भी यह जिला महत्वपूर्ण रहा। अंग्रेजों के समय जब बिलासपुर की उपेक्षा हुई तब अंग्रेजों ने भी बिलासपुर की लड़ाई लड़ी और कमिश्नरी बिलासपुर में स्थापित कराया। बीजेपी, कांग्रेस दोनों के प्रत्याशियों को बाहरी बताते हुए उन्होंने कहा कि दुर्ग से आया प्रत्याशी बीएसपी के कब्जे से लोगों की जमीन को फ्री नहीं करवा सका। इसी तरह भाजपा का प्रत्याशी भी बाहर से लाकर बिलासपुर में थोप दिया गया है। उन्होंने इन्हें चुका हुआ कारतूस बताया। सुदीप ने कहा कि इस समय संविधान खत्म होने की चर्चा हो रही है। 1947 के संविधान सभा में 70 फ़ीसदी वकील हुआ करते थे, आज इस पर कोई बात करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने मान लिया है कि किसी को भी वे चुनाव मैदान में उतार देंगे, पब्लिक उन्हीं को वोट देगी। इस धारणा को तोड़ने के लिए ही तीसरी पार्टी की आवश्यकता है,जिसके लिए वह खुद हमर राज पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
बिलासपुर, 1 मई। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने अर्थराइटिस पीड़ित 78 वर्षीय महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें डाक मतपत्र के जरिए वोट डालने की अनुमति दी है।
याचिकाकर्ता सरला श्रीवास्तव हमर राज पार्टी के उम्मीदवार सुदीप श्रीवास्तव की माता हैं। हाईकोर्ट में याचिका दायर कर उन्होंने बताया कि 7 मई को बिलासपुर में होने वाले मतदान में वे डाक मतपत्र का इस्तेमाल करना चाहती हैं क्योंकि वह घुटनों के खराब होने के कारण चलने फिरने में असमर्थ हैं। इस संबंध में चिकित्सा प्रमाण पत्र के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी 15 अप्रैल को आवेदन दिया गया था, इसके बावजूद उन्हें अनुमति नहीं मिली है। हाईकोर्ट में निर्वाचन विभाग की ओर से बताया गया कि डाक मत पत्र के लिए सादे कागज में आवेदन दिया गया था, निर्धारित प्रोफॉर्मा में नहीं। याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि सूचना देने के बाद निर्धारित फॉर्म मतदाता तक मतदान के 10 दिन पहले भेजने का नियम है। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की बेंच ने सुनवाई के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी को आदेश दिया है कि चुनाव आयोग के नियम 1961 के फॉर्म 12 बी या 12 डी के तहत याचिकाकर्ता से आवेदन लिया जाए और उन्हें डाक मतपत्र से मतदान करने की अनुमति दी जाए।
बुधवार की सुबह दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों को उनके परिसर में बम होने की धमकी मिली. इसके बाद स्कूलों ने छुट्टी कर दी और बच्चों को घर भेज दिया गया.
ये धमकी ईमेल के ज़रिए भेजी गई. पुलिस ने इन स्कूलों पर पहुंच कर जांच की है.
नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार माहला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पुलिस ने स्कूलों की जांच की है और कुछ भी नहीं मिला है.
उन्होंने कहा- “लोगों से अपील है कि शांति बनाए रखें हमने एहतियातन और शिकायत के आधार पर इन स्कूलों को चेक कर लिया है. और कुछ भी चिंताजनक नहीं मिला है. समझ सकते हैं कि जब बात बच्चों की आती है तो लोग पैनिक हो जाते हैं. लेकिन हम बताना चाहते हैं कि हमने पूरी जांच कर ली है चिंता की कोई बात नहीं है.”
दिल्ली सरकार में मंत्री अतिशी ने भी इसे लेकर एक्स पर लिखा है- “आज सुबह कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. स्कूलों को खाली करा लिया गया है और दिल्ली पुलिस उन परिसरों की तलाशी ले रही है अभी तक किसी भी स्कूल में कुछ नहीं मिला.”
नोएडा के डीआइजी, एडिशनल सीपी (कानून-प्रशासन) शिवहरि मीना ने कहा है कि “डीपीएस नोएडा में बम होने की धमकी का ईमेल मिला, नोएडा पुलिस, फायर टेंडर और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर मौजूद हैं. छात्रों को घर वापस भेज दिया गया है. जांच चल रही है, अभी तक हमें कुछ नहीं मिला है.”
चाणक्यपुरी के संस्कृति स्कूल, मयूर विहार के मदर मैरी स्कूल, द्वारका के दिल्ली पब्लिक स्कूल ऐसे स्कूल थे जिन्हें धमकी वाले ईमेल मिलने की खबर सबसे पहले सामने आई.
इसके बाद दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों को इस तरह के ईमेल मिलने की बात सामने आई. (bbc.com/hindi)
महाराष्ट्र के लातूर में मंगलवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत डोजियर नहीं भेजता है बल्कि घर में घुसकर मारता है.
पीएम मोदी ने कहा, "साल 2014 के पहले गूगल पर जाकर उस समय के अख़बार और टीवी देख लीजिए. क्या मिलेगा? आपको पढ़ने को मिलेगा, रेलवे स्टेशन पर, बस स्टेशन पर, मेलों में, जहां भीड़ जमा जहां होती है, वहां अनाउंसमेंट होता था, सावधान कोई लावारिस चीज दिखाई दे तो उसको हाथ मत लगाना."
"कोई लावारिस बैग, लावारिस टिफिन बॉक्स दिखता है तो पुलिस को जानकारी दो. कहीं लावारिस प्रेशर कूकर दिखता है तो दूर रहो, उसमें कहीं बम होगा, हाथ लगाओगे तो बम फूटेगा."
पीएम मोदी ने कहा, "देश में 24 घंटे हर महत्वपूर्ण जगह पर ये लावारिस चीजों की सूचना दी जाती थी. जो पुराने लोग हैं, बताइए कि मैं सच कह रहा हूं या नहीं. मोदी के आने के बाद कहां गई ये लावारिस चीजें भई? देश तो वही है."
उन्होंने कहा, "पहली बार वोट करने वालों को मैं खासकर कहता हूं कि जरा देखिए, उस समय अख़बारों की हेडलाइन होती थी, दिल्ली में बम ब्लास्ट, मुंबई में बम ब्लास्ट, भारतीय पुलिस आधुनिक आतंक से निपटने के लिए तैयार नहीं. आज भारत अपनी सीमाओं पर आंख उठाने वालों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए जाना जाता है."
"कांग्रेस के उस दौर में हेडिंग होती थी कि भारत ने मुंबई आतंकी हमले पर पाकिस्तान को एक और डोजियर सौंपा. हमारे मीडिया में बैठे लोग भी तालियां बजाते थे कि देखो डोजियर भेज दिया. मतलब घटना की फाइल भेजना. आज भारत डोजियर नहीं भेजता है. आज भारत घर में घुसकर मारता है." (bbc.com/hindi)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है.
मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "आज मैं तिहाड़ जेल में हमारे नेशनल कन्वेनर और दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी से मिलकर आया हूं. सबसे पहले परिवार की बात हुई हैं. मेरी बेटी नियामत जो अभी एक महीने की हुई है. उसका हाल चाल पूछा."
सेहत पर बात करते हुए भगवंत मान ने कहा, "सेहत उनकी ठीक है. वे कह रहे हैं कि इंसुलिन उन्हें मिल रही है और अब मेरा रूटीन में चेकअप भी हो रहा है."
उन्होंने कहा, "मीटिंग तो आज भी मेरी उसी तरीके से हुई है. शीशा, दोनों तरफ जालियां और इंटरकॉम फोन...उन्होंने मन में रखा हुआ है कि हम सीधा नहीं मिलने देंगे. ये इनकी नफरत की इंतहा हो सकती है. अरविंद केजरीवाल ने मुझे संदेश दिया है कि लोगों को ये बता देना कि मेरी फिक्र मत करना, वोट जरूर करना. लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए वोट डालना. तानाशाही जो देश में आ गई है उसे खत्म करने के लिए वोट डालना."
भगवंत मान ने कहा केजरीवाल ने उनसे पंजाब के किसानों और लोगों के बारे भी पूछा कि उन्हें कोई परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है.
भगवंत मान ने कहा, "आज ही रिजल्ट आए हैं. पंजाब में सरकारी स्कूल के 158 बच्चों ने जेईई का परिणाम पास कर लिया है. ये पहली बार हुआ है. इस पर अरविंद केजरीवाल जी बहुत खुश हुए. उन्होंने कहा कि यही शिक्षा क्रांति हमारे सपनों में थी. उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से सभी सरकारी अध्यापकों और और उन 158 बच्चों के माता-पिता को बधाई देना…ये हमारा सपना सच होने वाली बात है."
उन्होंने कहा, "अरविंद जी ने दिल्ली और देश के बारे में भी पूछा. मैंने कहा कि मैं गुजरात होकर आया हूं. भरूच और भावनगर. माइंड ब्लोइंग रिस्पॉन्स है और पूरे देश के लोग कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल के साथ गलत किया कि उन्हें पकड़कर अंदर कर दिया. शायद ये सोचते होंगे कि एक बंदे को अंदर करके ये पार्टी की आवाज बंद कर देंगे. आपको व्यक्तिगत तौर पर तो आपको अंदर कर सकते हैं लेकिन आपकी सोच को तो अंदर नहीं कर सकते." (bbc.com/hindi)
दिल्ली में कांग्रेस ने देवेंद्र यादव को पार्टी का अंतरिम प्रदेश अध्यक्ष बनाया है.
कांग्रेस ने इस बारे में मंगलवार को जानकारी दी. कांग्रेस ने कहा कि देवेंद्र यादव पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज बने रहेंगे.
बीते दिनों अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दिया था.
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. दिल्ली में कांग्रेस तीन और आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है.
2019 लोकसभा चुनावों में बीजेपी दिल्ली की सातों लोकसभा सीट जीतने में सफल रही थी. (bbc.com/hindi)
कर्नाटक में बीजेपी-जेडीएस गठबंधन के उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना को जेडीएस से निलंबित कर दिया गया है.
पार्टी के महासचिव के. आर शिवकुमार ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की है.
प्रज्वल रेवन्ना के कथित यौन उत्पीड़न वाले वीडियो को पेन ड्राइव के ज़रिए सार्वजनिक करने के मामले ने कर्नाटक की राजनीति में हलचल तेज़ कर दी है.
कथित यौन उत्पीड़न के इन वीडियो को पेन ड्राइव में बस स्टॉप, पार्कों, गांवों में लगने वाले मेलों और यहां तक कि घरों तक पहुंचाया गया.
बढ़ते विवाद के बीच अब जेडीएस ने रेवन्ना को निलंबित कर दिया है.
पेन ड्राइव ऐसे समय में सार्वजनिक किए गए हैं, जब हासन लोकसभा सीट पर वोटिंग में सिर्फ पांच दिन बचे थे.
प्रज्वल रेवन्ना एचडी देवगौड़ा के पोते और एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं.
सोमवार सुबह कुमारस्वामी ने कहा कि पार्टी किसी का बचाव नहीं कर रही और जो हुआ है वो शर्मनाक है.
उन्होंने कहा, “नैतिकता के आधार पर हम एक फैसला ले रहे हैं. हम उसे बचाने की कोशिश नहीं कर रहे. चाचा होने के नाते ही नहीं बल्कि देश का आम नागरिक होने के नाते मैं चाहता हूं कि लोग इससे आगे बढ़ें. ये एक शर्मनाक घटना है और मैं किसी का बचाव नहीं कर रहा हूं."
"हम इस तरह की ग़ैर-क़ानूनी चीज़ों के ख़िलाफ़ लड़ते रहे हैं. ये गंभीर मुद्दा है. सरकार कौन चला रहा है, असली तस्वीर उन्हें उजागर करनी है और ज़मीनी हक़ीक़त सरकार को उजागर करनी है, मुझे नहीं.” (bbc.com/hindi)
सौरभ भारद्वाज ने कहा,''राघव अपनी आँखों की सर्जरी के लिए यूनाइटेंड किंगडम में रुके हुए हैं. बताया जाता है कि काफ़ी गंभीर समस्या थी, ब्लाइंडनेस (अंधापन) भी हो सकती थी. मुझे लगता है कि जैसे ही इलाज हो जाएगा, वो आएंगे और हमारे कैंपेन (चुनावी अभियान) में शामिल हो जाएंगे.''
राघव चड्ढा उस वक़्त भी नज़र नहीं आए थे, जब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी की टीम ने बीते महीने 21 मार्च को गिरफ़्तार किया था.
तब बताया गया था कि वो इलाज के लिए विदेश में हैं और जल्द भारत लौटेंगे.
हालांकि राघव अब तक नहीं लौटे हैं. मगर सोशल मीडिया पर वो सक्रिय दिखते हैं.
अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के अगले दिन वरिष्ठ वकील और कांग्रेस के पूर्व नेता कपिल सिब्बल ने कहा था कि गिरफ़्तार होने वालों में अब अगला नंबर राघव चड्ढा का है.
वो बोले थे, ''के कविता और अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार किया गया. अब अगले राघव चड्ढा होंगे. इसके बाद और लोगों को गिरफ़्तार किया जाएगा जो इस देश के चुनाव में मुख्य खिलाड़ी हैं." (bbc.com/hindi)
रायपुर, 1 मई। कांग्रेस की नेशनल मीडिया समन्वयक राधिका खेरा ने खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें राधिका ने प्रदेश संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला पर दुर्व्यवहार की शिकायत की है। यह पूरा घटनाक्रम कल राजीव भवन में गुजरा। राधिका ने पूरे मामले का वीडियो भी बनाया है। खेरा को राष्ट्रीय नेतृत्व मे दिल्ली से रायपुर भेजा है। राधिका ने पूरे मामले की दिल्ली में भी शिकायत दर्ज कर दी है।
रायपुर, 1 मई। मंगलवार देर शाम तेलीबांधा रोड पर एक लापरवाह कार चालक ने कई लोगों को घायल किया । बताया गया है कि वह ब्रेक का इस्तेमाल किए बिना ही कार चला रहा था। कार की ठोकर से कई लोग घायल हो गए। इनमें से कुछेक को गंभीर चोटें आईं। कार तेलीबांधा तालाब की दीवार से टकराकर ही रूकी। और वह कार को वहीं छोड़कर भाग निकला। अब तक उसका पता नहीं चला है। पुलिस तलाश कर रही है।
कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र की चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान किया है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई गई.
पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर से बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के सामने सतपाल रायजादा को उतारा है.
हरियाणा में गुरुग्राम से- राज बब्बर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से- आनंद शर्मा
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से- सतपाल रायजादा
महाराष्ट्र में मुंबई नॉर्थ से- भूषण पाटिल
निर्वाचन आयोग ने पहले और दूसरे चरण की वोटिंग के अंतिम आंकड़े मंगलवार को जारी किए.
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आम चुनाव 2024 के पहले चरण में 66.14 प्रतिशत और दूसरे चरण में 66.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.
पहले चरण में 102 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले गए थे जबकि दूसरे चरण में 88 संसदीय सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था. (bbc.com/hindi)
इंदौर, 30 अप्रैल। अपने उम्मीदवार के ऐन मौके पर नाम वापस लेने से इंदौर में चुनावी दौड़ से बाहर हुई कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह इस लोकसभा सीट पर किसी भी उम्मीदवार को अपना समर्थन नहीं देगी।
प्रमुख विपक्षी दल ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय मतदाताओं से अपील भी की कि वे 13 मई को होने वाले चुनावों में भाजपा को ‘‘सबक सिखाएं।’’
इंदौर से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए सोमवार (29 अप्रैल) को नामांकन वापसी के आखिरी दिन अपना पर्चा वापस ले लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इसके साथ ही भाजपा का मजबूत गढ़ कही जाने वाली इस सीट पर कांग्रेस की चुनावी चुनौती समाप्त हो गई जहां वह पिछले 35 साल से जीत की बाट जोह रही है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बम के पालाबदल को लेकर इंदौर ‘प्रेस क्लब’ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इंदौर में भाजपा ने 29 अप्रैल को लोकतंत्र की हत्या करके देश के सबसे स्वच्छ शहर को सियासी रूप से सबसे ज्यादा प्रदूषित बना दिया है।’’
इंदौर, पटवारी का गृह क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने तय किया है कि वह इंदौर लोकसभा क्षेत्र में किसी भी उम्मीदवार को अपना समर्थन नहीं देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इंदौर के मतदाताओं को भाजपा को सबक सिखाना चाहिए। अब यह चुनावी लड़ाई कांग्रेस की नहीं, बल्कि इंदौर के संस्कार और भाजपा के अहंकार के बीच है।’’
पटवारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भरोसा रखने वाली कांग्रेस मतदाताओं से यह कतई नहीं कह रही है कि वे चुनावों का बहिष्कार करें, लेकिन भाजपा को सबक सिखाने के लिए उनके पास ‘‘नोटा’’ का भी विकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कांग्रेस इंदौर में अलग-अलग कार्यक्रम करेगी जिनमें मोमबत्ती जुलूसों और छोटी-बड़ी रैलियों का आयोजन शामिल हैं।
पटवारी ने कहा कि बम के भाजपा में शामिल हो जाने से वह शर्मिंदा हैं और इसका उन्हें दु:ख भी है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात नींद नहीं आई।
पटवारी ने इंदौर में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरने वाले वायुसेना के पूर्व कर्मी धर्मेन्द्र सिंह झाला की नाम वापसी के पीछे ‘‘साजिश’’ का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ने इस सीट के कई निर्दलीय प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों पर नाम वापसी का दबाव बनाया।
श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से छह बार के विधायक रामनिवास रावत के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने पर पटवारी ने कहा, ‘‘भगवान उनका (रावत का) भला करे और वह अपनी महत्वाकांक्षाएं पूरी करें। वह सम्मानित हों। अगर वह अपमानित होंगे, तो हमें इसका दु:ख होगा।’’ (भाषा)
अहमदाबाद, 30 अप्रैल। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने पहली बार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के चार महंतों को महामंडलेश्वर बनाया है। इन चारों महंतों को यहां गुजरात में आयोजित एक कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजकों में से एक, राजेश शुक्ला ने कहा कि 1,300 वर्षों में यह पहली बार है कि हिंदू धर्म में समानता की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के संतों को 'महामंडलेश्वर' की उपाधि प्रदान की गई है।
नेशनल इंटेलेक्चुअल एडवाइजरी के मुख्य रणनीतिकार एवं एक गैर सरकारी संगठन ‘वन मोर चांस’ के प्रमुख ट्रस्टी शुक्ला ने कहा, "हमने हिंदू धर्म या 'सनातन धर्म' को भाषा और क्षेत्रवाद के बंधनों से मुक्त करने के लक्ष्य के साथ चार साल पहले यह पहल शुरू की थी। हमें ऐसे महामंडलेश्वर चाहिए जो समाज, धर्म और देश के लिए काम करें। हम सब एकसाथ आए और आज हमारी मेहनत रंग लायी।’’
शुक्ला ने कहा, ‘‘गुजरात के जिन चार व्यक्तियों को आज महामंडलेश्वर बनाया गया, वे समाज के कमजोर वर्गों से थे। यह 1,300 वर्षों में पहली बार है जब अखाड़ा परिषद ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय के व्यक्तियों को महामंडलेश्वर बनाया है। यह नयी परंपरा आज शुरू हुई है और मुझे इस बात का पूरा विश्वास है कि हम अगले 3 से 4 वर्षों में ऐसे 100 महामंडलेश्वर बनाएंगे''
नये महामंडलेश्वरों में गोंडल के दासी जीवन की जगह के संत श्री शानलदासजी मंगलदासजी, भावनगर के राजपारा में कबीर मंदिर के संत श्री शामलदासजी प्रेमदासजी, भावनगर के वाल्मीकि अखाड़े के संत श्री किरणदासजी और सुरेंद्रनगर में थान गांव में संत अक्कल साहेब समाधि स्थल के संत श्री कृष्णवदनजी महाराज शामिल हैं।
साइंस सिटी के पास आयोजित कार्यक्रम में पट्टाभिषेक का अनुष्ठान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी जी महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महासचिव और जूना अखाड़ा इंटरनेशनल के संरक्षक महंत हरिगिरि जी महाराज ने किया। (भाषा)
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा की कार्यप्रणाली सरकारी विभाग से भी बदतर है क्योंकि वह मीडिया समूह टीवी टुडे नेटवर्क को उसकी शिकायत पर ठीक से जवाब देने में विफल रही।
अदालत ने इंस्टाग्राम पर मीडिया समूह के पेज हार्पर बाजार इंडिया को ‘ब्लॉक’ करने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनमोहन और न्यायमूर्ति मनमीत पी एस अरोड़ा की पीठ ने प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा की खिंचाई करते हुए कहा कि अगर मीडिया संस्थान की शिकायत पर फैसला नहीं किया जाता है, तो अदालत प्रथम दृष्टया टिप्पणी करेगी कि सोशल मीडिया मंच टीवी टुडे के वकील को चक्कर लगवा रहा है।
पीठ ने कहा, ‘‘आप सरकारी विभाग से भी बदतर हैं। आपको सावधान रहना चाहिए। आपको स्थिति के प्रति सचेत रहना होगा। आपकी प्रणाली काम नहीं कर रही है। इसे ठीक करना होगा।’’ पीठ ने कहा कि मेटा को चीजें दुरुस्त करनी चाहिए अन्यथा अदालत आदेश पारित कर सकती है।
अदालत टीवी टुडे नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। मीडिया संस्थान ने तीसरे पक्ष द्वारा उसके कॉपीराइट के उल्लंघन को लेकर शिकायत पर उसके इंस्टाग्राम पेज को ब्लॉक करने के खिलाफ अदालत का रुख किया है।
इसने सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियमावली, 2021 के नियम 3(1)(सी) की संवैधानिकता को भी चुनौती दी है।
मीडिया संस्थान के वकील ने कहा कि उन्होंने अपनी शिकायत के बारे में मेटा और शिकायत निवारण अधिकारी से भी संपर्क किया, लेकिन उन्हें केवल यही जवाब मिला कि उन्होंने सही जगह पत्र नहीं लिखा है। उन्होंने अदालत को ईमेल भी दिखाया।
मेटा के वकील ने कहा कि इंस्टाग्राम पेज को कॉपीराइट के संबंध में तीन शिकायतों के बाद ‘ब्लॉक’ कर दिया गया था और मीडिया संस्थान द्वारा दिखाया गया ईमेल शिकायत को अस्वीकार करने का निर्णय नहीं बल्कि स्वत: आने वाला उत्तर था।
सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता के वकील को मेटा के वकील की मौजूदगी में जरूरी फॉर्म भरकर वापस आने को कहा। कुछ देर बाद याचिकाकर्ता के वकील लौटे और कहा कि शिकायत फिर से खारिज कर दी गई है।
इस पर अप्रसन्नता जताते हुए पीठ ने मेटा के वकील से कहा, ‘‘आप अड़ियल रवैया नहीं अपना सकते। हम जो कह रहे हैं उसका पालन करें। आप समझ नहीं पा रहे हैं कि हम क्या कह रहे हैं...हम आपके प्रति नरमी दिखा रहे हैं। हमने आपको चीजें ठीक करने के लिए पर्याप्त समय दिया है...आपके पास अरबों उपयोगकर्ता हो सकते हैं लेकिन आपके यहां सुचारू व्यवस्था नहीं है।’’
पीठ ने वकील से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मीडिया संस्थान की शिकायत पर विचार किया जाए और उचित निर्णय लिया जाए। अदालत ने मेटा के वकील को बेहतर जवाब के साथ आने के लिए कहते हुए मामले को बुधवार को आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया। (भाषा)
जम्मू, 30 अप्रैल। जम्मू-कश्मीर के रामबन और बनिहाल के बीच भारी बारिश और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और उफनते नालों में एक अन्य बह गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ जिसकी वजह से दूसरे दिन भी राजमार्ग को वाहनों के आवागमन के लिए बंद रखा गया।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर शाम रियासी, रामबन, डोडा और जम्मू जिलों से डूबने की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने चार शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक लड़की की तलाश अभी भी जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद शफी (65) और मुमीरा बानो (17) सोमवार को रियासी में देवल और डुंगा नाले को पार करते समय दुर्घटनावश उनमें गिर गए।
उन्होंने बताया कि शफी का शव बरामद कर लिया गया है और बानो के शव की तलाश की जा रही है। बानो गूल से एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव आई थी।
उन्होंने बताया कि जम्मू शहर के बाहरी इलाके गढ़ी गढ़ में एक नाला पार करते समय कौशल कुमार नामक व्यक्ति डूब गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और स्थानीय स्वयंसेवकों ने दोपहर उसका शव बरामद कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि डोडा जिले में मल्लन-डेसा निवासी फिरदौस अहमद (13) का शव मंगलवार सुबह कुंड नाले से मिला। उन्होंने बताया कि वह नाला पार कर रहा था तभी तेज धार में बह गया था।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, रामबन जिले के करूल इलाके में एक पहाड़ी से लुढ़कते पत्थर की चपेट में आने के बाद करूल निवासी याकूद मीर (13) नदी में गिर गया। मीर का शव बरामद कर लिया गया है।
पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर के बड़े हिस्से में भारी बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और जलाशयों का जल स्तर बढ़ गया है। इससे पहले किश्तवाड़ और रामबन जिलों में कम से कम दो दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले में चार स्कूली बच्चों और दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने सोमवार शाम को मेंढर क्षेत्र के कलार मोडा ओडा गांव में तब बचाया जब वे एक नाले को पार करते समय अचानक उसके उफना जाने से फंस गए थे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को मौसम में सुधार आया है और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए शुरू करने का काम तेज कर दिया गया है। हालांकि, राजमार्ग अभी भी वाहनों के लिए बंद है। राजमार्ग को मेहर, पंथियाल, मौम पासी और किश्तवारी पथेर सहित कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टान गिरने की वजह से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। (भाषा)