ताजा खबर

टिटलागढ़ पैसेंजर की महिला यात्री से चुराए 6 लाख के आभूषण बरामद
09-Feb-2025 10:07 AM
टिटलागढ़ पैसेंजर की महिला यात्री से चुराए 6 लाख के आभूषण बरामद

बिहार के पेपर गैंग के 5 शातिर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 9 फरवरी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय पेपर गैंग के पांच सदस्यों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इनसे करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

रेलवे सुरक्षा बल की अपराध गुप्तचर शाखा लंबे समय से ट्रेनों में हो रही चोरी की घटनाओं पर नजर रख रही थी। 7 फरवरी को टिटलागढ़ पैसेंजर (गाड़ी संख्या 58214) में यात्रा कर रही एक महिला यात्री के बैग से करीब 7 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए। महिला ने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जीआरपी, रायगढ़ में एफआईआर दर्ज हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य आधुनिक तकनीकों के जरिए आरोपियों की पहचान कर 8 फरवरी को किरोड़ीमल नगर, रायगढ़ से पांचों आरोपियों को चोरी किए गए आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पेपर गैंग के सदस्य लोकल और पैसेंजर ट्रेनों में अकेली महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। चोरी की प्रक्रिया बेहद शातिराना होती है। एक सदस्य पीड़िता से बातचीत करता है। दूसरा अखबार से कवर बनाकर नजरें चुराता है और तीसरा तेज औजार से ट्रॉली बैग का ज़िप खोलकर कीमती सामान निकालता है। चोरी के बाद वे तुरंत ज़िप को फेविक्विक और वैसलीन से सील कर देते थे, जिससे यात्री को तुरंत शक न हो।

सभी गिरफ्तार आरोपी बिहार के हैं। इनमें चतुरी मंडल (52), मुंगेर, कृष्ण कुमार राज (20), खगड़िया,  सतीश कुमार महतो (38), रबीन कुमार मंडल (24), तथा दीपक मंडल (35), मुंगेर शामिल हैं।

रेलवे सुरक्षा बल ने पिछले महीने भी एक पेपर गैंग गिरोह को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news