ताजा खबर
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 27 फ़रवरी से 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर दी है.
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर कनाडा के पीएम मार्क कार्नी भारत आ रहे हैं. यह प्रधानमंत्री कार्नी की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी.
विदेश मंत्रालय के बयान में बताया गया कि 27 फ़रवरी को प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई पहुंचेंगे. अगले दो दिनों में वह अलग-अलग व्यावसायिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और भारतीय-कनाडाई सीईओ, उद्योग और वित्त विशेषज्ञों, इनोवेटर्स, शिक्षाविदों के साथ-साथ भारत में मौजूद कनाडाई पेंशन फंड्स के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात करेंगे.
इसके बाद कार्नी 1 मार्च को नई दिल्ली पहुंचेंगे. 2 मार्च को दोनों देशों के प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे.
दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा वे व्यापार और निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, शोध और लोगों के बीच संबंध जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग की भी समीक्षा करेंगे. (bbc.com/hindi)


