अंतरराष्ट्रीय
टाइटैनिक से 700 लोगों को बचाने वाले कप्तान को दी गयी सोने की घड़ी 20 लाख डॉलर में बिकी
17-Nov-2024 9:07 PM

लंदन, 17 नवंबर। टाइटैनिक जहाज से 700 लोगों को बचाने वाले एक जहाज के कप्तान को दी गई सोने की घड़ी नीलामी में लगभग 20 लाख अमेरिकी डॉलर में बिकी है।
टाइटैनिक के मलबे से प्राप्त यादगार वस्तुओं की बिक्री का यह एक रिकार्ड स्थापित हुआ है।
टिफनी एंड कंपनी की 18 कैरेट सोने की घड़ी जीवित बची तीन महिलाओं ने आरएमएस कार्पेथिया जहाज के कप्तान आर्थर रोस्ट्रॉन को दी थी। कप्तान रोस्ट्रॉन ने टाइटैनिक के उत्तरी अटलांटिक में हिमखंड से टकराकर डूबने के बाद उस पर सवार लोगों को बचाने के लिए अपने यात्री जहाज आरएमएस कार्पेथिया का मार्ग बदल दिया था।
नीलामीकर्ता हेनरी एल्ड्रिज एंड सन ने शनिवार को यह घड़ी अमेरिका में एक निजी संग्रहकर्ता को 15.6 लाख ब्रिटिश पाउंड में बेची। इस कीमत में खरीदार द्वारा भुगतान किये गये कर और शुल्क भी शामिल हैं। (एपी)