अंतरराष्ट्रीय
केन्या में एक स्कूल में आग लगने से कम से कम 16 छात्राओं की मौत हो गई है और 74 घायल हैं. गुरुवार तड़के सुबह ये आग लड़कियों के आवासीय स्कूल में लगी. स्थानीय मीडिया ने पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों के हवाले से इसकी खबर दी है.
पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने अब तक कई लोगों के मरने और घायल होने की पुष्टि की है लेकिन कोई संख्या नहीं बताई है. उनका कहना है कि केन्या की रिफ्ट वैली के नाकुरू जिले के अस्पतालों में घायलों का इलाज किया जा रहा है. गृह मंत्री किपचुंबा मुरकोमेन ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है.
केन्या की रेड क्रॉस का कहना है कि आग की खबर सुबह 4:30 मिनट पर आई. आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है. केन्या में इससे पहले भी बोर्डिंग स्कूलों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं. कई मामलों में बंद कमरों या फिर खिड़कियों पर सलाखें होने की वजह से छात्र वहां से भाग नहीं पाते हैं.
सितंबर 2024 में भी इसी तरह की एक घटना में 17 बच्चों की मौतहो गई थी. ग्रामीण स्कूलों में छात्र ज्यादातर बोर्डिंग स्कूलों में ही पढ़ाई करते हैं क्योंकि स्कूल बसें पर्याप्त नहीं हैं और अक्सर स्कूल जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. (dw.com/hi)


