अंतरराष्ट्रीय
रूस ने रोमानिया की रिहायशी इमारत से 'रूसी ड्रोन' के टकराने के आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने रूस के आरटी चैनल से बातचीत की है. इस बातचीत को समाचार एजेंसी आरआईए ने रिपोर्ट किया है.
ज़खारोवा ने कहा, "हम जो भी आरोप सुन रहे हैं, ख़ासतौर पर यूरोपीय संघ के देशों में कहीं ड्रोन से जुड़े मामलों को लेकर, वे सभी बेबुनियाद हैं. अब तक एक भी तथ्य, सामग्री या सबूत पेश नहीं किया गया है."
इससे पहले रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने ज़खारोवा के हवाले से कहा था कि 'रोमानिया में ड्रोन को लेकर मचे हंगामे' का इस्तेमाल 'पश्चिमी देश' यूक्रेन युद्ध से ध्यान हटाने के लिए कर रहे हैं.
तास ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव का बयान भी प्रकाशित किया. रिपोर्ट के मुताबिक़, पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रोमानिया में ड्रोन घटना से 'वाक़िफ़' हैं.
तास ने यह भी कहा कि इस कथित घटना के जवाब में रूस के दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' यानी निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर रूसी विदेश मंत्रालय 'जल्द प्रतिक्रिया देगा'.
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत से 'रूसी ड्रोन' के टकराने से दो लोग घायल हो गए.
रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी' था. (bbc.com/hindi)


