विचार / लेख

​गरीबी उन्मूलन बनाम विपक्ष उन्मूलन
18-Oct-2022 3:34 PM
​गरीबी उन्मूलन बनाम विपक्ष उन्मूलन

-प्रकाश दुबे

गरीबी उन्मूलन के पहले ईनाम के दो दावेदार हैं। दोनों राज्यों में सस्य श्यामला विधानसभा विपक्ष के वीरों से खाली है। गोवा में बारंबार दलबदल के लिए ऊपर वाले तक ने मंजूरी दी है-ऐसा दावा पुर्नदलबदलू पूर्व मुख्यमंत्री ने किया। उनके बारे में आप का मत पता नहीं, वैसे नाम दिगम्बर है। विपक्ष को दुरुस्त करने में जुटे उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों की गरीबी उन्मूलन में रफ्तार की वज़ह से भारत भुखमरी सूचकांक में 107 में नंबर पर है। केन्द्र सरकार ने महात्मा गांधी नेशनल रूरल रोजगार गारंटी योजना-मनरेगा में हाजिरी अनिवार्यत: दर्ज कराने के लिए मोबाइल उपकरण यानी एप जारी किया। दस नंबरी फिसड्डी राज्यों में गोवा और नगालैंड में एप का प्रयोग शून्य है। सर्वाधिक केन्द्रीय निधि पाने वाले उत्तरप्रदेश में महीने में सवा लाख से अधिक मजदूर मनरेगा में कार्यरत दिखाए गए। एप पर हाजिरी 60 हजार से कम है। अगस्त महीने में दर्ज संख्या इससे भी कम है। 17 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिन मनाया जाता है। योगी बाबा और दीदी के नाम बधाई तो बनती है।

लोकतंत्र के पंच 
दुनिया भर में लोकतंत्र दिवस 15 अक्टूबर को मनाया जाता है। भारत अकेला देश है जहां प्रतिदिन गाजे बाजे के साथ इस दिन को याद किया जाता है। अति लोकतांत्रिक जोशीले जन न्यायपालिका को भी अपने अभियान में लपेटने से बाज नहीं आते। न्यायमूर्ति ललित नौ नवम्बर तक देश के मुख्य न्यायाधीश हैं। अदालतों में विचाराधीन मुकदमों की भरमार करने की ललित ने सुप्रीम कोर्ट से शुरुआत की। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने रात्रि सवा नौ बजे तक बैठकर दिन के सारे मामलों की सुनवाई की। अगले मुख्य न्यायाधीश के लिए धनंजय चंद्रचूड़ का नाम केन्द्र सरकार को भेजा जा चुका है चंद्रचूड़ विरोधी कथित लोकतंत्रवादियों ने प्रचार किया कि न्यायाधीश जानबूझकर किसी बैठक में हाजिर नहीं रहे। उच्चतम न्यायालय के रिकार्ड के मुताबिक पूरे सितम्बर महीने में अधिक काम करने से विचाराधीन मुकदमों की सूची घटी है। एक सितम्बर 2022 को सुप्रीम कोर्ट में 493 मुकदमों की फाइलें थीं।एक अक्टूबर को घटकर 488 रह गईं। मुंशी प्रेमचंद ने न्यायाधीश को पंच परमेश्वर कहा था। वे बिल्कुल सही थे।  
 

बलिदानी लोकतांत्रिक
राजनीति की उज्ज्वल परंपरा में सोने का पन्ना जुड़ा जब लोकसभा सदस्य के भाई राजगोपाल रेड्?डी ने विधानसभा से त्यागपत्र दिया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होते ही चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर दी। लोकतंत्र की खातिर राजगोपाल की बलिदानी पहल से तेलंगाना राष्ट्र समिति के नेता नाखुश हैं। इसके बावजूद चंद्रशेखर राव सरकार के मंत्री ऐलानिया कह रहे हैं कि हम भाजपा की जीत आसान करने के लिए अपना उममीदवार हटा लेंगे, बशर्ते केन्द्र सरकार मुनेगोडे विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 18 हजार करोड़ रुपए मंजूर कर दे। यह क्या बात हुई? 18 हजार करोड़ ही क्यों? राव खेमे का दावा है कि रामगोपाल को इतनी ही राशि के ठेके देकर पार्टी में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री के दावे को झुठलाते हुए रामगोपाल ने कहा- पूरी जांच पड़ताल के बाद केन्द्र सरकार ने ठेके दिए। किसी दौर में नालगोंडा जिला कम्युनिस्टों का गढ़ था। भगवा भाजपा और गुलाबी तेलंगाना राष्ट्र समिति की लड़ाई में लाल झंडे वाले गुलाबी राज्य सरकार का समर्थन कर रहे हैं। 
 

भारत जोडऩे की जादूगरी
11 वें राष्ट्रपति डा एपीजे अब्दुल कलाम का 15 अक्टूबर को जन्मदिन मनाने वाले भूल गए कि डॉ. कलाम ने 2020 तक देश को विकास से जोडऩे का नक्शा बनाकर दिया था। भारत जोड़ो नाम की  यात्रा विपक्ष निकाल रहा है। यात्रा 2 अक्टूबर से शुरु होनी थी। सितम्बर में पदयात्रा शुरु कर राहुल गांधी संगठन चुनाव के पचड़े से बचे। महानगर वाले बेखबर हैं, दक्षिण भारतीय जनता भारत जोड़ो के प्रति उत्सुक है। राहुल गांधी और जनसंगठन मध्यप्रदेश से राजस्थान के झालावाड़ जिले में दिसम्बर में प्रवेश करेंगे। भारत जोड़ो वाले सोनिया गांधी का जन्मदिन राजस्थान में मनाएंगे। मुख्यमंत्री गहलोत जादूगर के बेटे हैं। न्यौता दिया था-उद्योगपतियों को। मौके का फायदा उठाते हुए अढ़ाई अरब रुपए लागत से बने पुल और सडक़ का नामकरण कर दिया। दो महीने पहले जयपुर के एलीवेटेड रोड का नामकरण भारत जोड़ो सेतु कर दिया।विकास और राहुल गांधी से भारत का नाम जोडऩे का जादू दिख्राकर मुख्य मंत्री ने सोनिया, राहुल से पहल छीन ली।
(लेखक दैनिक भास्कर नागपुर के समूह संपादक हैं)


अन्य पोस्ट