सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 मार्च। शुक्रवार को कलेक्टर संजीव कुमार झा ने अम्बिकापुर जनपद के ग्राम खैरबार में कृषि विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन धान की खेती में वर्मी खाद के प्रयोग पर आधारित फसल प्रदर्शन तथा ग्राम भफौली में रागी की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने खुद खेत मे उतरकर पौधों की गुणवत्ता तथा भूमि की उर्वरता का जायजा लिया।
कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसल प्रदर्शन के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करें। किसानों को बताएं कि जैविक खेती रासायनिक खेती से किसी मामले में कम नहीं है बल्कि जैविक खेती से लागत कम और जमीन की उर्वरता बढ़ती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि सभी तहसील में चल रहे फसल प्रदर्शन का किसानों को नियमित रूप से अवलोकन कराते रहें।
खैरबार में किसान मनीष एक्का,दौलत,छोटू एक्का, चंदलाल एवं कृष्णा के खेत में कृषि विभाग द्वारा गोठानो में निर्मित वर्मी खाद का प्रयोग कर धान की जैविक खेती किया जा रहा है। खेतों में कबीर प्रजाति का धान लगाया गया है। कलेक्टर ने इस दौरान मौजूद किसानों से भी चर्चा कर वर्मी खाद के महत्व को बताया।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा खेती में वर्मी खाद के प्रयोग को बढ़ावा देने सभी तहसीलों में 5-5 किसानों के खेत मे ग्रीष्म ऋतु में ही वर्मी खाद का प्रयोग कर जैविक खेती का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए है ताकि ग्रीष्म ऋतु की खेती से प्रोत्साहित होकर किसान खरीफ सीजन में अधिक से अधिक वर्मी खाद का प्रयोग करें।
इसके पश्चात् कलेक्टर ने ग्राम भफौली में कृषि विभाग के मार्गदर्शन में किसानों द्वारा शुरू किए गए रागी की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने रागी की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रकबा विस्तार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने बफौली बांध का भी अवलोकन किया। उन्होंने बांध में मछली पालन के लिए एनआरएलएम के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने तथा इसमे समूह की महिलाओ को जोडऩे के निर्देश दिए।