सरगुजा

पेंशनर फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 18-19 को
17-Nov-2026 9:08 PM
पेंशनर फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 18-19 को

सरकार की नीतियों के खिलाफ बड़े आंदोलन की बनेगी रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17 नवंबर। ऑल इंडिया स्टेट गवर्मेंट पेंशनर फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 18 एवं 19 नवंबर को कोलकाता में आयोजित की जाएगी। बैठक में आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने, पेंशनरों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकारों की नीतियों तथा महंगाई राहत (डीआर) के एरियर्स में कटौती जैसे मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा होगी। साथ ही पेंशनर विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़े आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

फेडरेशन से संबद्ध छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनंत सिन्हा एवं जिला अध्यक्ष एमडी हाफिज खान ने बताया कि वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों को लेकर पेंशनरों में नाराजगी है।

आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने से पेंशनरों में असंतोष है। इसके अलावा वित्त विधेयक 2025 के प्रावधानों और पेंशनरों के प्रति कथित भेदभावपूर्ण नीतियों को लेकर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।

बैठक के एजेंडे में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ सरकारों द्वारा पेंशनरों को मिलने वाली महंगाई राहत (डीआर) के एरियर्स में कटौती का मुद्दा भी शामिल है। पेंशनरों की मांगों को लेकर राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ मिलकर संयुक्त आंदोलन की तैयारी पर विचार किया जाएगा, ताकि सरकार की नीतियों के विरोध में व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जा सके।

इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने तक अंतरिम राहत का भुगतान किए जाने की मांग पर भी चर्चा होगी।

छत्तीसगढ़ से फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल होने के लिए आजाद हिंद एक्सप्रेस से कोलकाता रवाना होंगे। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों के आधार पर आगामी आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।


अन्य पोस्ट