सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 नवंबर। राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी राजेश देवांगन ने सरगुजा जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत उनका स्थानांतरण सरगुजा किया गया है। इससे पहले वे रायपुर में नगर पुलिस अधीक्षक तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के पद पर पदस्थ थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं।
जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन को अंबिकापुर, गांधीनगर, मणिपुर, लखनपुर, उदयपुर और दरिमा थाना सहित होलीक्रॉस हॉस्पिटल चौकी, कुन्नी चौकी एवं केदमा चौकी का पर्यवेक्षण एवं प्रशासनिक प्रभार दिया गया है। इसके अलावा उन्हें अतिरिक्त रक्षित केंद्र अंबिकापुर, महिला थाना, महिला सेल तथा शहीद सेल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों का भी निर्वहन करेंगे।
पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नई प्रशासनिक व्यवस्था से थानों एवं पुलिस इकाइयों के कामकाज में बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।